19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / ‘जोरदार धमाके जैसी आवाज आई और पुल ढह गया’, पंजाब में भाखड़ा नहर पर पुल ढहा, दो ट्रक गिरे; एक में लगी आग

‘जोरदार धमाके जैसी आवाज आई और पुल ढह गया’, पंजाब में भाखड़ा नहर पर पुल ढहा, दो ट्रक गिरे; एक में लगी आग

पंजाब के पटियाला-संगरूर बाइपास पर पसियाना गांव के पास गुरुवार सुबह भाखड़ा नहर पर बना पुल अचानक ढह गया। हादसे में दो ट्रक नीचे गिर गए, जिनमें से एक में आग लग गई। कई लोग घायल हुए हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 19 Nov 2026, 11:00 AM IST

Bridge over Bhakra Canal collapses

Two trucks plunged after bridge on the Patiala-Sangrur bypass near Pasiana village collapsed (Photo/ANI)

पटियाला। पंजाब के पटियाला में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पटियाला-संगरूर बाइपास पर पसियाना गांव के पास भाखड़ा नहर पर बना पुल अचानक ढह गया। हादसे के वक्त पुल से गुजर रहे दो ट्रक मलबे के साथ नीचे गिर गए। इनमें से एक ट्रक में आग लग गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। उस समय अंधेरा था और पुल से वाहन गुजर रहे थे। अचानक पुल का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया और उसके साथ दो ट्रक भी नीचे जा गिरे। इनमें से एक ट्रक आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की।

हादसे से पहले हिल रहा था पुल, प्रत्यक्षदर्शियों ने उठाए सवाल

हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुल की हालत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि पुल पहले से ही हिल रहा था और उसमें झटके व कंपन महसूस किए जा रहे थे। उनका कहना है कि समय रहते पुल की मरम्मत के लिए यातायात बंद कर दिया जाता तो हादसे को टाला जा सकता था।

ट्रक चालक राजवीर ने ANI को बताया कि उनका ट्रक पुल पार कर चुका था, तभी अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। बाद में पता चला कि पुल ढह गया है और दो ट्रक नीचे गिर गए हैं। इनमें से एक ट्रक पूरी तरह जल गया। राजवीर ने कहा कि पुल पहले से ही झटके दे रहा था और उसमें कंपन हो रहा था। समय रहते मरम्मत के लिए पुल बंद कर दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता।

अंधेरे में ट्रक से बाहर निकलना हुआ मुश्किल

हादसे में शामिल दूसरे ट्रक के चालक सुखविंदर सिंह ने बताया कि सुबह अंधेरा होने के कारण उन्हें शुरुआत में यह समझ ही नहीं आया कि उनका ट्रक कहां गिरा है। दोनों ट्रक एक-दूसरे के पीछे चल रहे थे। तभी आगे चल रहा ट्रक पहले नीचे गिरा और उसके पीछे उनका ट्रक भी पुल के ढहे हिस्से के साथ नीचे जा गिरा। सुखविंदर ने बताया कि ट्रक से बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। आसपास पानी बह रहा था और अंधेरे के कारण यह भी पता नहीं चल पा रहा था कि वाहन कहां गिरा है। शुरुआत में उन्हें लगा कि ट्रक पानी में गिर गए हैं।

उन्होंने बताया कि उनके ट्रक में चालक, परिचालक और एक मजदूर सहित तीन लोग सवार थे। हादसे में तीनों को चोटें आईं, लेकिन वे किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि दूसरे वाहन में सवार लोग भी घायल हुए हैं। जान बच जाना ही उनके लिए सबसे बड़ी राहत है।

पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। राजवीर के मुताबिक, पुलिस के पहुंचने के बाद एक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया। उनका वाहन भी घटनास्थल पर मौजूद था, लेकिन पुल ढहने से पहले ही वह पार हो चुका था। हालांकि, वाहन के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचा है।