19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / तीन घंटे के लिए गांव आएंगे सांसद अमृतपाल, पूरा पंजाब अलर्ट पर, मान सरकार ने कहा- रुकना खतरनाक

तीन घंटे के लिए गांव आएंगे सांसद अमृतपाल, पूरा पंजाब अलर्ट पर, मान सरकार ने कहा- रुकना खतरनाक

सांसद अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार के लिए एक दिन की कस्टडी पैरोल मिली। 21 नवंबर को डिब्रूगढ़ से पंजाब आएंगे, सुरक्षा के कड़े इंतजाम।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pushpankar Piyush

•

Updated: 19 Nov 2026, 10:24 AM IST

Election Commission of India

‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह (Photo-IANS)

Amritpal Singh’s custody parole: खडूर साहिब से सांसद और NSA (नेशनल सिक्योरिटी एक्ट) के तहत हिरासत में बंद अमृतपाल सिंह को अमृतसर की जिला अदालत ने अपनी दादी के अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने के लिए एक दिन की अंतरिम कस्टडी पैरोल दी है। वारिस पंजाब दे संगठन प्रमुख व खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह अप्रैल 2023 से असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद है। अमृतपाल पर NSA के तहत मामला दर्ज है। उन्हें एक थाने पर हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद सख्त सुरक्षा अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया था।

अमृतपाल के पंजाब पहुंचने से पहले सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी तरीके की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है। जानकारी के अनुसार, अमृतपाल 21 नवंबर को पैरोल पर आएंगे। वे दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। वह पहली बार जेल से बाहर निकल रहे हैं। उन्होंने जेल में रहते हुए ही साल 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था और जीत भी हासिल की।

प्रशासन अमृतपाल सिंह के आने-जाने की जानकारी को गोपनीय रखने में जुटा है। अमृतपाल को डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली तक एक व्यापारिक जहाज में लाया जाएगा। फिर उसे अमृतसर लाया जाएगा। यहां से उसे सड़क मार्ग से गांव पहुंचाया जाएगा। अंतिम संस्कार के बाद भी यह प्रक्रिया उसी रूप में दोहराई जाएगी। इस दौरान अमृतपाल सिंह के साथ सुरक्षाबलों की पूरी टीम रहेगी।

प्रशासन को यह शंका है कि राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कुछ लोग अमृतपाल (जिनकी पार्टी चुनाव लड़ रही है) का इस्तेमाल करके गड़बड़ी पैदा कर सकते हैं। राज्य में कई हिंसक घटनाएं हुई हैं, जिनका संबंध गैंगस्टरों से बताया जा रहा है, लेकिन खालिस्तान समर्थक तत्वों ने भी इनकी जिम्मेदारी ली है।

पंजाब की मान सरकार ने केंद्र सरकार को इस बात को लेकर चेताया है कि अमृतपाल का ज्यादा देर तक पंजाब में रुकना राज्य की शांति व्यवस्था को बिगाड़ सकता है। सुरक्षा व्यवस्था की देखरेख कर रहे विशेष DGP (कानून-व्यवस्था) पी.के. सिन्हा ने कहा कि DSP और संबंधित SHO के नेतृत्व में 5-6 पुलिसकर्मियों की एक टीम डिब्रूगढ़ जाएगी, जो अमृतपाल को औपचारिक रूप से अपनी कस्टडी में लेगी और उसे वापस लेकर आएगी। अमृतसर (ग्रामीण) के SSP कंवलप्रीत सिंह चहल ने कहा, "हम डिब्रूगढ़ जेल प्रशासन के संपर्क में हैं और जरूरी इंतजामों के लिए उनके साथ तालमेल बिठा रहे हैं।

कुछ दिनों पहले पेरौल पर सुनवाई के दौरान जिला अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि अमृतपाल को कड़ी पुलिस निगरानी के बीच लाया जाएगा। वहीं, बचाव पक्ष ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि अदालत के निर्देशों में बताई गई सभी प्रशासनिक और कानूनी शर्तों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। अमृपाल सिंह के वकील करमवीर सिंह पन्नू ने कहा कि वे पुलिस हिरासत में ही आएंगे और खर्च परिवार वहन करेगा।

बता दें कि, अमृतपाल सिंह की दादी 84 वर्षीय चरण कौर का निधन 8 नवंबर को हो गया था। अमृतपाल उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें, इसलिए उनके अंतिम संस्कार को तब तक के लिए रोक दिया गया था। 17 नवंबर को अमृतसर की एक अदालत ने उनकी पैरोल की अर्जी मंजूर कर ली।