राष्ट्रीय

‘मुझ जैसे साधारण व्यक्ति के कहने पर लोगों ने कम खरीदा सोना’, PM मोदी ने बताया सलाह मानने का फायदा

Narendra Modi: लखनऊ में कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान PM मोदी ने सोना न खरीदने की अपनी पुरानी सलाह का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी बात मानी और पैसे बचाए। साथ ही हुनर और कौशल के महत्व पर जोर दिया।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 7:52 PM IST
pm modi
कौशल दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी(फोटो-ANI)

PM Modi Lucknow Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोने की खरीदारी को लेकर करीब एक साल पहले की गई अपनी अपील का जिक्र करते हुए कहा कि देशवासियों ने उनकी सलाह मानी और सोना खरीदना कम किया। उन्होंने कहा कि अब कई लोग उनसे मिलकर बताते हैं कि उनकी सलाह मानने से उनके पैसे बच गए। पीएम मोदी ने यह बात लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान कही।

प्रधानमंत्री ने कहा, 'एक साल पहले मैंने देशवासियों से आग्रह किया था कि अगर बहुत जरूरी न हो तो कृपया एक साल तक सोना न खरीदें। मुझे खुशी है कि जिस तरह लाल बहादुर शास्त्री जी के एक समय का भोजन छोड़ने के आग्रह को देशवासियों ने माना था, मेरे देश का चरित्र आज भी वैसा ही है।' उन्होंने आगे कहा कि मुझ जैसे एक साधारण व्यक्ति के कहने पर कि सोना कम खरीदें, देशवासियों ने सोना कम खरीदा और सोने की कीमतें गिर गईं। आज लोग मुझसे कहते हैं कि मोदी जी, आपने कहा, हमने आपकी सलाह मानी और हमारे पैसे बच गए।

'डिग्री से ज्यादा जरूरी है हुनर'


कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने डिग्री और सर्टिफिकेट के साथ प्रोफेशनल स्किल को भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश लंबे समय तक गुलामी की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाया। इसका असर नौकरी और रोजगार के प्रति सोच पर भी पड़ा। डिग्री और सर्टिफिकेट को ज्यादा महत्व दिया गया, जबकि हुनर और कौशल को उतनी अहमियत नहीं मिली।

पीएम मोदी ने दादाजी धर्माधिकारी की किताब का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि एक पोस्ट ग्रेजुएट युवक नौकरी के लिए सिफारिश कराने उनके पास पहुंचा था। वह बार-बार अपनी डिग्री का जिक्र कर रहा था। इस पर दादाजी धर्माधिकारी ने उससे पूछा कि उसे कौन-सा काम आता है? क्या वह गाड़ी चला सकता है या खाना बना सकता है? युवक इन सवालों का जवाब नहीं दे पाया और अपनी डिग्री की बात करता रहा।प्रधानमंत्री ने कहा कि अब समय बदल रहा है। आने वाले दिनों में हुनरमंद लोगों की मांग बढ़ेगी। दुनिया के कई देश भारत से कुशल कामगार चाहते हैं। उन्हें केवल विश्वविद्यालयों से पढ़े युवा ही नहीं, बल्कि ITI से प्रशिक्षित कामगारों की भी जरूरत है।

भारतीय कारीगरों के हुनर की विदेशों में भी मांग


पीएम मोदी ने सऊदी अरब, दुबई, अबू धाबी और कतर जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के आधुनिक शहरों को बनाने में भारतीय कारीगरों का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इन देशों के शाही परिवार भी भारतीय कारीगरों के हुनर और मेहनत की तारीफ करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 20 साल भारत के लिए बेहद अहम हैं। विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए हुनर और कौशल को सम्मान देना जरूरी है। इसी सोच के साथ सरकार ने कौशल विकास मंत्रालय बनाया और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी कौशल विकास पर जोर दिया गया है।

Updated on:
21 Nov 2026, 7:52 PM IST
Published on: