राष्ट्रीय

PM Modi in Gujarat: भावनगर में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- आजादी के 60-70 साल बाद भी भारत को…

गुजरात के भावनगर में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। आजादी के बाद के 6-7 दशकों में देश की क्षमता को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लाइसेंस-कोटा राज और आयात पर ज़्यादा ज़ोर देने से भारत को विकास में पिछड़ना पड़ा। पीएम ने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य पर ज़ोर दिया और कांग्रेस की नीतियों को देश के युवाओं के लिए हानिकारक बताया।
2 min read
Sep 20, 2025
Feature image
भावनगर में पीएम मोदी। फोटो- X/@BJP4India

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात के भावनगर में पहुंचे हैं। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने जमकर कांग्रेस पर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत के हर सामर्थ्य को नजर-अंदाज किया।

इस दौरान, उन्होंने एक बार फिर 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को दोहराया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनना होगा और दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा होना होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में क्षमता की कोई कमी नहीं है, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत की सारी क्षमता को नजरअंदाज कर दिया। इसलिए आजादी के 6-7 दशक बाद भी भारत को वो सफलता नहीं मिली जिसका वो हकदार था। इसके दो बड़े कारण थे।

कांग्रेस सरकार ने देश को विश्व बाज़ार से अलग-थलग रखा

पीएम मोदी ने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस सरकार ने देश को लाइसेंस-कोटा राज में उलझाए रखा, उसे विश्व बाज़ार से अलग-थलग रखा। और फिर, जब वैश्वीकरण का दौर आया, तो आयात का ही रास्ता अपनाया गया।

हजारों, लाखों और करोड़ों के घोटाले हुए। कांग्रेस सरकारों की नीतियों ने देश के युवाओं को बहुत नुकसान पहुँचाया। इन नीतियों ने भारत की असली ताकत को उजागर होने से रोक दिया।

'समुद्र से समृद्धि' कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी

भावनगर में पीएम मोदी 'समुद्र से समृद्धि' कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम तो भावनगर में हो रहा है, लेकिन ये कार्यक्रम पूरे हिंदुस्तान का है।

पूरे भारत में समुद्र से समृद्धि की ओर जाने की हमारी दिशा क्या है, उसके लिए इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का केंद्र भावनगर को चुना गया है।

पीएम मोदी ने गुजरात और भावनगर के लोगों को बधाई दी

इस दौरान, पीएम मोदी ने गुजरात और भावनगर के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत समुद्र को बहुत बड़े अवसर के रूप में देख रहा है। यहां पोर्ट लेड डेवलपमेंट को गति देने के लिए हजारों करोड़ रुपए का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया है।

'आत्मनिर्भर भारत' का संदेश देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आज विश्वबंधु की भावना से आगे बढ़ रहा है। दुनिया में हमारा कोई बड़ा दुश्मन नहीं है।

उन्होंने कहा कि असल में हमारा कोई दुश्मन है तो वो है दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता। यही हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है और हमें मिलकर भारत के इस दुश्मन को हराना ही होगा।

जन्मदिन के बाद पहली बार पीएम मोदी अपने गृह राज्य गुजरात पहुंचे

17 सितंबर को जन्मदिन के बाद पहली बार पीएम मोदी अपने गृह राज्य गुजरात पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि आप सबने अपने नरेंद्र भाई को जो शुभकामनाएं भेजी हैं।

उन्होंने कहा कि देश और दुनिया से जो मुझे शुभकामनाएं मिली हैं, व्यक्तिगत तौर पर सबका धन्यवाद करना संभव नहीं है, लेकिन भारत के कोने-कोने से विश्वभर से ये जो प्यार मिला है, आशीर्वाद मिला है, ये मेरी बहुत बड़ी संपत्ति और बहुत बड़ी ताकत है। इसलिए मैं सार्वजनिक रूप से देश और दुनिया के सभी महानुभावों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

Updated on:
20 Sept 2025 01:53 pm
Published on:
20 Sept 2025 01:02 pm