राष्ट्रीय

‘नारी शक्ति को कोई नहीं रोक सकता’: महिला आरक्षण बिल से पहले पीएम मोदी का विपक्ष पर निशाना

संसद के विशेष सत्र और परिसीमन प्रस्तावों पर चर्चा से पहले पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में कहा कि सरकार महिलाओं को 33% आरक्षण देने के वादे पर अडिग है। जानें पूरा संदेश।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 3:10 PM IST
women empowerment
महिला आरक्षण बिल से पहले पीएम मोदी का सख्त संदेश, Photo- IANS

Women Reservation Bill: संसद के विशेष सत्र और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा कर कहा कि सरकार नारी शक्ति से किए गए 33 प्रतिशत आरक्षण के वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसकी राह की हर बाधा दूर की जाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में भागीदारी दिलाने का वादा पूरा करने का समय है और सरकार इसके लिए अडिग है।

पीएम मोदी बोले: नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ

प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो संदेश में कहा कि देश में महिला आरक्षण के लिए लड़ाई बीते कई दशकों से चल रही है और वह भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं लगातार उनसे यह मुद्दा उठाती रही हैं और कई बहनों ने पत्र लिखकर अपनी बात रखी है।

पीएम मोदी ने कहा कि, मैं मानता हूं देश की सौ फीसदी नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैं देश की नारी शक्ति को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी ने महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे नारी शक्ति को आगे बढ़ने से रोक नहीं सकते, बस वक्त का इंतजार है।

विपक्षी दलों ने खड़े किए सवाल

विपक्षी दल परिसीमन बिल को लेकर आपत्तियां उठा रह हैं और उन्होनें ​संसद में बिल का विरोध करने का निर्णय लिया है। विपक्षी दलों की मुख्य आपत्तियां महिला आरक्षण के उद्देश्य को लेकर नहीं, बल्कि इससे जुड़े परिसीमन और सीटों के पुनर्गठन के प्रस्तावों को लेकर थीं। विपक्ष ने सरकार और भाजपा पर परिसीमन से राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित करने का आरोप भी लगाया है। ऐसे में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा होने की आशंका है।

Updated on:
29 Nov 2026, 3:10 PM IST
Published on: