
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पीएम-किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी कर दी। इस किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर कर दी गई है।
पीएम मोदी ने कोलकाता के हुगली से किसानों को खुशखबरी दी है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसान भाई-बहनों को इस राशि से खेती-बाड़ी में नई ताकत मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही है।
पीएम-किसान योजना के तहत हर चार महीने में 2,000 रुपये की किस्त मिलती है। अब तक लाखों किसान परिवारों को इस योजना का फायदा पहुंच चुका है।
पश्चिम बंगाल में हावड़ा जिले के हुगली में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की बदलती तस्वीर पर खास बात कही।
उन्होंने कहा- अब बंगाल की हवा में एक नई ताजगी है। हर कण से एक नई खुशबू आ रही है। लगता है बंगाल अपनी जंजीरों से आजाद हो चुका है। बंगाल का गौरव वापस लौटने लगा है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज का यह कार्यक्रम और इन परियोजनाओं का शुभारंभ इसी बात का गवाह है कि बंगाल अब अपने नए भविष्य को बनाने में जुट गया है।
प्रधानमंत्री ने बंगाल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं से राज्य के किसान, युवा और महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो रहा है।
इस दौरान, पीएम मोदी ने पूर्व सीएम ममता बनर्जी की सरकार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने बंगाल को विकास की मुख्यधारा से दूर रखा था, लेकिन अब स्थिति बदल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- बीजेपी-एनडीए सरकार के तहत विकास का एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। लेफ्ट और फिर टीएमसी के शासनकाल में दशकों से बनी कमियों को दूर करने के लिए 'डबल-इंजन' सरकार बहुत तेजी से काम कर रही है; तेजी से फैसले लिए जा रहे हैं और अटके हुए प्रोजेक्ट्स को फिर से शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा- रेल, सड़क, खेती और मछली पालन जैसे सेक्टर में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है, जिससे बंगाल के विकास को नई गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।