राष्ट्रीय

Bihar elections: कर्पूरी की जन्मभूमि से राजद- कांग्रेस पर बरसे PM मोदी, कहा- जननायक की उपाधि चोरी करने में जुटे ये लोग

Bihar elections 2025: पीएम मोदी बिहार दौरे पर हैं। उन्होंने आज समस्तीपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और राजद पर 'जननायक' की उपाधि की चोरी करने का आरोप लगाया।

2 min read
Oct 24, 2025
पीएम नरेंद्र मोदी (फोटो - आईएएनएस)

Bihar elections 2025: पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने बिहार के समस्तीपुर से बीजेपी (BJP) के चुनावी प्रचार का आगाज कर दिया है। उन्होंने भारत रत्न, जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती से कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए जीत के सारे रिकार्ड तोड़ देगा। इन चुनावों में एनडीए को अब तक का सबसे बड़ा जनादेश प्राप्त होगा।

'राजद-कांग्रेस क्या कर रही है, जनता देख रही है'

उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस वाले क्या कर रहे हैं और क्या कह रहे हैं ये आपको मुझसे ज्यादा पता है। आपको याद दिलाने की जरूरत नहीं है। ये लोग हजारों करोड़ रुपए के घोटालों में जमानत पर चल रहे हैं। कोई चोरी के मामले में जमानत पर है, अब चोरी की आदत इनकी ऐसी है कि ये 'जननायक' की उपाधि की चोरी में जुटे हैं। बिहार के लोग जननायक कर्पूरी ठाकुर का ये अपमान कभी नहीं सहेंगे।

लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बज चुका है

पीएम मोदी ने आगे कहा कि बिहार में लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बज चुका है और पूरा बिहार कह रहा है- 'फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार, जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार'। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आपलोग GST बचत का भी खूब आनंद ले रहे हैं, कल से छठी मैया का महापर्व भी शुरू होने जा रहा है। ऐसे व्यस्त समय में भी आप इतनी विशाल संख्या में यहां आए हैं, समस्तीपुर का जो ये माहौल है, मिथिला का जो मूड है उसने पक्का कर दिया है- 'नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार।'

पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिवस मेरे जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण दिवस है। यहां आने से पहले मैं कर्पूरी ग्राम गया था, वहां मुझे भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को श्रद्धापूर्वक उन्हें नमन करने का अवसर मिला। ये उनका ही आशीर्वाद है कि आज हम जैसे पिछड़े और गरीब परिवारों से निकले लोग इस मंच पर खड़े हैं।

सामाजिक न्याय लाने में कर्पूरी ठाकुर का महत्वपूर्ण योगदान

आजाद भारत के सामाजिक न्याय लाने में, गरीब और वंचितों को नए अवसरों से जोड़ने में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की भूमिका बहुत बड़ी रही है। वे मां भारती के अनमोल रत्न थे। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का सौभाग्य हमारी सरकार को मिला। ये हमारे लिए सम्मान की बात है। हमारी सरकार भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को प्रेरणापुंज मानती है। वंचितों को वरीयता, पिछड़ों को प्राथमिकता, गरीब की सेवा हम इस संकल्प के साथ आगे बढ़े हैं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के दिखाए सामाजिक न्याय के रास्ते को एनडीए ने सुशासन का आधार बनाया है। हमने गरीबों, दलितों, महादलितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों के हितों को प्राथमिकता दी है। हमारी सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

भाजपा ने SC-ST आरक्षण को 10 साल आगे बढ़ाया

भाजपा एनडीए ने ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को भी 10 साल के लिए और आगे बढ़ाया। डॉक्टर की पढ़ाई के लिए अखिल भारतीय कोटे में पहले पिछड़ों को, गरीबों को आरक्षण नहीं था। ये संविधान लेकर जो गुमराह करते हैं तब ये हक नहीं मिलता था। एनडीए सरकार ने ही ये प्रावधान किया। हमारे देश में ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देने की मांग कई दशकों से हो रही थी। ये मांग भी एनडीए सरकार ने ही पूरी की। अब गरीब का बेटा अपनी भाषा में पढ़ाई कर सकता है।''

Updated on:
24 Oct 2025 01:51 pm
Published on:
24 Oct 2025 01:49 pm
Also Read
View All

अगली खबर