राष्ट्रीय

देश को दे उपदेश, मोदी चले विदेश- कांग्रेस का पीएम पर निशाना; आप के संजय सिंह ने पूछा विदेश से क्या लाते हो?

PM Narendra Modi France-Slovakia Visit: AAP सांसद संजय सिंह ने पीएम मोदी के फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि विदेश यात्राओं से भारत को ठोस उपलब्धियां नहीं मिल रहीं है। उन्होंने अमेरिका की कार्रवाई और जहाजों पर हमलों को लेकर भी केंद्र सरकार की चुप्पी पर निशाना साधा।

2 min read
AAP MP Sanjay Singh
AAP सांसद संजय सिंह (फोटो- एएनआई)

PM Narendra Modi France-Slovakia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एक सप्ताह के फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे के लिए रवाना हो गए है। यहां पीएम G7 समिट में हिस्सा लेंगे और कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात करेंगे। पीएम के देश से रवाना होने के साथ ही विपक्ष ने उनके दौरे पर सवाल उठाने शुरू कर दिए है। कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएम मोदी का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, देश को दे उपदेश, मोदी चले विदेश। इसी के साथ आम आदमी पार्टी ने भी इस दौरे को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोला है।

भारत के स्वाभिमान और सम्मान से लगातार समझौता - सिंह

आप सांसद संजय सिंह ने पीएम मोदी के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि देश यह जानना चाहता है कि प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं से भारत के लिए क्या उपलब्धियां लेकर लौटते हैं। पीएम के विदेश दौरों के साथ-साथ सिंह ने भारत की विदेश नीति को लेकर भी कई सवाल उठाए। संजय सिंह ने मीडिया बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री देश में कम और विदेश में ज्यादा समय बिताते हैं। वह फ्रांस जाएं, जर्मनी जाएं, पाकिस्तान जाएं या इटली जाएं, इससे हमें कोई मतलब नहीं है। हमें इससे मतलब है कि जब वह विदेश जाते हो तो भारत के लिए क्या उपलब्धि लेकर आते है। सिंह ने आगे कहा कि भारत को सिर्फ एक उपलब्धि नजर आती है कि आप फोटो खिंचवाते हो, हाथ मिलाते हो और भारत के स्वाभिमान और सम्मान से लगातार समझौता करके वापस लौट आते हो।

पीएम पर डरपोक रवैया अपनाने का आरोप लगाया

संजय सिंह ने अपने बयान में हाल के अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और भारत की प्रतिक्रिया को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कई गंभीर मामलों पर चुप्पी साधे हुए हैं। AAP सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं। हमारे तीन नागरिक मारे गए और उनकी मौत अमेरिका की कार्रवाई की वजह से हुई। इसके अलावा तीन दिनों के भीतर तीन जहाजों पर हमला हुआ। वे जहाज खड़े हुए थे और किसी प्रतिबंध या सैंक्शन का उल्लंघन नहीं कर रहे थे। हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री को, जो 144 करोड लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं, इस तरह डरपोक रवैया अपनाते हुए नहीं देख सकते।

केवल छवि निर्माण में लगी हुई सरकार- सिंह

संजय सिंह ने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को मजबूत और स्पष्ट रुख अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल विदेश यात्राएं और वैश्विक नेताओं से मुलाकातें ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि भारत के हितों की खुलकर रक्षा करना भी जरूरी है। AAP ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विदेश नीति के मुद्दों पर केवल छवि निर्माण में लगी हुई है, जबकि देश की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों पर स्पष्ट जवाब नहीं दिए जा रहे।

पीएम आज हुए रवाना

बता दें कि, पीएम मोदी शनिवार को एक सप्ताह के दौरे पर फ्रांस और स्लोवाकिया रवाना हुए है। अपने दौरे से पहले पीएम ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि फ्रांस भारत की रणनीतिक दृष्टि में विशेष स्थान रखता है। उन्होंने बताया कि इसी वर्ष फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत आए थे और दोनों देशों ने अपने संबंधों को स्पेशल ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप तक बढ़ाया था। प्रधानमंत्री स्लोवाकिया भी जाएंगे, जो 1993 में उसकी स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। इस दौरान वह G7 समिट में भी हिस्सा लेंगे और कई वैश्विक तथा द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

Updated on:
13 Jun 2026 02:11 pm
Published on:
13 Jun 2026 01:24 pm