
PM Narendra Modi -पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत की परमाणु ऊर्जा जरूरतों के लिए ऑस्ट्रेलिया के यूरेनियम की अहमियत जताई है। गुरुवार को मेलबर्न में उन्होंने कहा कि इस समय दुनिया ऊर्जा संकट से जूझ रही है। ऐसे में भारत और ऑस्ट्रेलिया का भरोसेमंद पार्टनर के रूप में साथ आगे बढ़ना जरूरी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत में पोर्ट, एयरपोर्ट, सड़कों, रेलवे और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ऑस्ट्रेलिया के निवेशकों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में निवेशकों के लिए बड़े अवसर हैं। पीएम नरेंद्र मोदी भारत-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन में शामिल हुए। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने उनके साथ एक सेल्फी ली। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच डिफेंस डील की भी संभावना जताई जा रही है।
मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत न्यूक्लियर सेक्टर को निजी कंपनियों के लिए खोल चुका है। हमारा 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इसमें ऑस्ट्रेलिया के सहयोग की जरूरत जताई। उन्होंने कहा कि यहां के यूरेनियम भंडार भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा को रफ़्तार दे सकते हैं।
क्लीन एनर्जी का जिक्र करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में इसकी कई कंपनियां हैं। हम हाइड्रो प्रोजेक्ट, ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर मॉड्यूल, विंड टर्बाइन का मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रहे हैं। भारत का 2030 तक 500 गीगावॉट रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता हासिल करने और 2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य है। इस हासिल करने में
ऑस्ट्रेलिया की तकनीक, पूंजी और प्राकृतिक संसाधन बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी का ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। मेलबर्न में भारतीय समुदाय ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कथक की प्रस्तुति दी। प्रसिद्ध डिडगेरिडू वादक रॉन मरे और फेमस तबला वादक डॉ. सैम इवांस ने भी अपनी प्रस्तुति दी। पीएम नरेंद्र मोदी के स्वागत में सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा ने "वंदे मातरम" प्रस्तुत किया। पीएम ने इसे सराहा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की X पर फोटो शेयर कीं। भारतीय समुदाय के कार्यक्रम पर उन्होंने लिखा- मेलबर्न में भारतीय समुदाय की ओर से स्वागत के दौरान शानदार कथक प्रस्तुति देखकर खुशी हुई। पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया भारत CEO फोरम की तस्वीरें भी शेयर कीं।
बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी 6 से 11 जुलाई तक तीन देशों के यात्रा पर हैं। सबसे पहले वे इंडोनेशिया गए। वहां के 3 दिनी दौरे के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया पहुंचे। यहां वे पीएम एंथनी अल्बनीज से मुलाकात करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी मेलबर्न में भारतवंशियों को संबोधित करेंगे। इसके लिए मार्वल स्टेडियम में 40 हजार लोगों के जुटने का अनुमान है।