
राजकोट। शहर में स्पा सेंटर और रिहायशी मकानों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के दो मामलों का पुलिस ने पर्दाफाश किया। राजकोट शहर पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर चार युवतियों को मुक्त कराया। पुलिस ने दोनों मामलों में एक स्पा संचालक और एक महिला संचालिका को गिरफ्तार किया। दोनों जगह कार्रवाई डमी ग्राहक भेजकर की गई।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई 150 फीट रिंग रोड पर मवड़ी चौक के पास स्थित शिवम बिल्डिंग के 'ऑरेंज वेलनेस फैमिली स्पा' में की गई। यहां स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार चलाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने पहले डमी ग्राहक भेजा। ग्राहक से प्रवेश शुल्क के रूप में 1000 रुपए और अनैतिक गतिविधि के लिए अलग से 3000 रुपए वसूले गए। इसके बाद पुलिस टीम ने छापा मारकर दो युवतियों को मुक्त कराया। मौके से पुलिस ने 4000 रुपए नकद और मोबाइल फोन समेत कुल 9 हजार रुपए का सामान जब्त किया। पुलिस ने स्पा संचालक महेश चौहान (36) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ राजकोट तालुका पुलिस थाने में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
दूसरी कार्रवाई प्रद्युम्ननगर पुलिस थाना क्षेत्र के रेसकोर्स पार्क में की गई। सरस्वती शिशु विद्यामंदिर के पास गली में ब्लॉक नंबर 53 के निकट स्थित फ्लैट नंबर-2 में देह व्यापार चलने की सूचना पर एएचटीयू ने डमी ग्राहक भेजकर छापा मारा। जांच में सामने आया कि फ्लैट में किराए पर रहने वाली शिल्पा माणेक (60) बाहर से युवतियों और ग्राहकों को बुलाती थीं तथा प्रति ग्राहक 1000 रुपए वसूलती थीं। पुलिस ने फ्लैट से दो युवतियों को मुक्त कराया। मौके से 3500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन सहित कुल 13500 रुपए का सामान जब्त किया गया। संचालिका शिल्पाबेन के खिलाफ प्रद्युम्ननगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
इससे पहले सूरत के उधना-मगदल्ला रोड स्थित एक होटल में देह व्यापार का पर्दाफाश करने पहुंची एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की कार्रवाई के दौरान होटल संचालक की चौथी मंजिल से गिरने से मौत के मामले में पुलिस ने सफाई दी थी। पुलिस के मुताबिक होटल संचालक राजेश सिंह (42) कार्रवाई के दौरान वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर दूसरे कमरे में गया और वहां की खिड़की से भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान पैर फिसलने से वह चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल राजेश को निकटवर्ती निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।