राष्ट्रीय

प्रह्लाद जोशी पर प्रियंका गांधी के आरोपों से गरमाई सियासत, कांग्रेस बोली-किस आधार पर कार्रवाई? किरेन रिजिजू ने भी दी प्रतिक्रिया

Prahlad Joshi controversy in Lok Sabha: प्रह्लाद जोशी पर प्रियंका गांधी की टिप्पणी के बाद सियासत गरमा गई है। किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर हमला बोला, जबकि पवन खेड़ा, कीर्ति आजाद और गुरजीत सिंह औजला ने भी सरकार को घेरा। जानिए पूरे विवाद की अहम बातें।
3 min read
Jul 29, 2026
Priyanka Gandhi and Prahlad Joshi political row.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी। (Photo- ANI)

Priyanka Gandhi on Prahlad Joshi: लोकसभा में नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की टिप्पणी के बाद सियासत तेज हो गई। एक तरफ जहां प्रियंका गांधी ने प्रह्लाद जोशी पर दिए गए बयान का बचाव किया तो वहीं, इस संबंध में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष की कड़ी आलोचना की। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने पेपर लीक को लेकर लाए गए बिल पर कोई बातचीत नहीं की, बल्कि राजनीति में मगशूल रहे। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई आज राहुल गांधी 20-30 मिनट के अपने भाषण में कम से कम 5 मिनट तो विधेयक पर बोलेंगे। हालांकि उन्होंने राहुल गांधी पर सदन में अपमानजनक और गाली गलौज वाली भाषा इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया।

पवन खेड़ा बोले- किस आधार पर कार्रवाई की बात कर रहे हैं?

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी द्वारा कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर पलटवार किया। पवन खेड़ा ने कहा, 'किस आधार पर? वह तो बिलकिस बानो के दोषियों की रिहाई का स्वागत करते रहे हैं। किस आधार पर कार्रवाई की बात कर रहे हैं? क्या उन्हें समझ नहीं आता कि वे क्या कह रहे हैं? आज के दौर में हर बात रिकॉर्ड में रहती है। यह वह समय नहीं है जब निशिकांत दुबे की तरह तथ्य गढ़ दिए जाएं। आज तथ्य मौजूद हैं, बस थोड़ा खोजने की जरूरत है।' कांग्रेस के रुख का बचाव करते हुए खेड़ा ने कहा कि विपक्ष संसद में युवाओं से जुड़े मुद्दों और सरकार की जवाबदेही उठाता रहेगा।

आरोप गलत हैं तो वे मानहानि का मुकदमा दायर करें: कीर्ति आजाद

तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने बुधवार को नीट पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जोशी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें लगता है कि आरोप गलत हैं तो वे मानहानि का मुकदमा दायर करें, क्योंकि जो कुछ कहा गया है, वह सच है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे अहम मुद्दों को छोड़कर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। पत्रकारों से बातचीत में कीर्ति आजाद ने कहा, 'वे कानून की बात करते हैं। अगर कानून इतना प्रभावी था तो नीट का पेपर लीक कैसे हो गया? कानून पहले से मौजूद था, फिर भी यह घटना हुई।'

'प्रह्लाद जोशी ने जो कहा था, वह सोशल मीडिया पर मौजूद'

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बुधवार को लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने नव-नियुक्त केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को निशाना बनाया था। औजला ने कहा, 'प्रह्लाद जोशी ने जो कहा था, वह सोशल मीडिया पर मौजूद है। पहले उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह वीडियो उनका है या नहीं। अब तक उन्होंने बिलकिस बानो के दोषियों के सम्मानित किए जाने पर एक शब्द भी नहीं कहा है और न ही कोई प्रतिक्रिया दी है। जब संसद में यह मुद्दा उठता है तो वे असहज हो जाते हैं। इससे भागिए मत। सभी जानते हैं कि उन्होंने बिलकिस बानो के दोषियों का सम्मान किया था। अगर ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्रालय सौंपा जाता है, तो पूरे देश में क्या संदेश जाएगा?'

क्या कहा था प्रियंका गांधी ने?

लोकसभा में नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर कांग्रेस सासंद प्रियंका गांधी के बयान पर हंगामा मचा हुआ है। प्रियंका गांधी ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने एक नए शिक्षा मंत्री को नियुक्त किया है, एक ऐसे व्यक्ति को जिन्होंने गर्भवती महिला के साथ ज्यादती के दोषियों की रिहाई पर सहमति और खुशी भी जताई थी। देश की करोड़ों लोगों को प्रधानमंत्री ने क्या संदेश दिया है।' इस पर बीजेपी सांसद खड़े हो गए और इसका विरोध करने लगे।

Updated on:
29 Jul 2026 12:56 pm
Published on:
29 Jul 2026 12:56 pm