
BJP: दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली के बाद कांग्रेस में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की भूमिका को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने प्रियंका गांधी को रैली में बोलने का मौका नहीं मिलने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाला खेमा प्रियंका गांधी को लगातार पीछे रखने की कोशिश कर रहा है। प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस महासचिव और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को रामलीला मैदान की रैली में बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी ने उन्हें संबोधित करने से रोका था?
बीजेपी प्रवक्ता ने मॉक पार्लियामेंट का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि वहां भी प्रियंका गांधी की कुर्सी दूसरी कतार में लगाई गई थी और उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के समर्थकों के बीच खींचतान चल रही है। उनके मुताबिक, राहुल खेमे में प्रियंका खेमे को लेकर असुरक्षा है और प्रियंका गांधी को दबाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी राजनीतिक छवि को फिर से स्थापित करने की कोशिश में लगे हैं, जबकि देश के लोगों और कांग्रेस के मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। भंडारी ने कांग्रेस के भीतर राहुल और प्रियंका के बीच कथित खींचतान को लेकर भी तंज कसा।
रामलीला मैदान में आयोजित रैली में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा था।
उन्होंने कहा कि अमित शाह कहते हैं कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले, लेकिन उनका कहना है कि मोदी कहीं नहीं जा सकते। राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को लेकर दावा किया कि वह पद से हटेंगे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि ज्ञानेश कुमार के बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन पाते।