
Prahlad Joshi Takes Charge as Education Minister: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पदभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के बाद जोशी एक्शन मोड़ में नजर आ रहे हैं। रविवार को ही उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बता दें कि प्रह्लाद जोशी के पास शिक्षा मंत्रालय के अलावा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय भी है। बता दें कि शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान ने देशभर में छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों और दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के बीच नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की थी। उन्होंने अपने इस्तीफे का पत्र पोस्ट करते हुए उसे मेरे युवा मित्रों को संबोधित किया और कहा कि देशभर में बने हालात को देखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
उधर, सीजेपी (CJP) के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन भी समाप्त हो गया। आंदोलनकारी प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्रियों जगत प्रकाश नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन वापस लेने का फैसला किया गया।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा मोदी सरकार पर लगाए गए आरोपों पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में हमने देखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जिम्मेदार, संवेदनशील, जवाबदेह और लोकतांत्रिक तरीके से काम कर रही है। सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं। चाहे सोनम वांगचुक से बातचीत हो, प्रदर्शनकारियों से संवाद हो, प्रधानमंत्री का सीधे छात्रों से बात करना हो, फास्ट-ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था हो, सख्त कानून बनाना हो, पेपर लीक के आरोपियों की गिरफ्तारी हो या फिर NEET-UG की दोबारा परीक्षा सफलतापूर्वक कराना—सरकार ने हर स्तर पर कार्रवाई की है। यह एक ऐसी सरकार की पहचान है जो जनता की बात सुनती है और उस पर प्रभावी ढंग से कार्रवाई करती है।
बता दें कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद प्रह्लाद जोशी ने शनिवार को कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ निर्वहन करेंगे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी का भी आभार जताया।
जोशी ने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को विनम्रता और कर्तव्य भावना के साथ स्वीकार करते हैं। पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।