राष्ट्रीय

प्री-मानसून लेगा करवट, 14 से 18 तारीख तक जमकर बरसेंगे बादल, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Pre Monsoon Alert: प्री-मानसून सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण देशभर में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर जारी है।

2 min read
May 14, 2026
भारत के इन राज्यों में प्री-मानसून का अलर्ट (File photo)

Pre Monsoon Rain Alert: प्री-मानसून (Pre-Monsoon) के सीजन ने जब से देश में दस्तक दी है, तब से भारी बारिश का दौर फिर से शुरू हो गया है। कई राज्यों में जमकर बादल बरस रहे हैं जिससे तापमान में गिरावट आई है और गर्मी से राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताज़ा अपडेट जारी करते हुए बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है। विभाग के अनुसार, मानसून 16 मई 2026 के आसपास दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है।

इसी बीच बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से में बना निम्न दबाव क्षेत्र लगातार सक्रिय बना हुआ है। इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में मौसम बेहद सक्रिय रहने की संभावना है। IMD के अनुसार नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 से 17 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

  • असम और मेघालय में 16 से 18 मई के बीच भारी बारिश की संभावना है।
  • अरुणाचल प्रदेश में 14 से 16 मई तक भारी बारिश का अनुमान है।
  • असम और मेघालय में 14 और 18 मई को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
  • मौसम विभाग ने लोगों को नदी किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तर और पूर्व भारत में आंधी-तूफान के आसार

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 14–15 मई के दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है। बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में हवाओं की गति 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण और पश्चिम भारत में मानसून जैसी परिस्थितियां

  • केरल, माहे, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना।
  • तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 19 मई तक भारी बारिश का पूर्वानुमान।
  • दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल के कई हिस्सों में भारी वर्षा की चेतावनी।
  • पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 16 मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रह सकती है।

मौसम विभाग की चेतावनी

IMD ने स्पष्ट किया है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम और मानसून की प्रगति के कारण देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रहेगा। ऐसे में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में बढ़ोतरी हो सकती है।

Also Read
View All