Rain Alert in India: लगातार दो क्रमिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में फिर बदलाव, IMD ने कई राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि, बर्फबारी और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
Rain Alert by IMD: देश में एक बार फिर मौसम में बदलाव होने वाला है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। विशेष रूप से 26, 27 और 28 मार्च को दो क्रमिक पश्चिमी विक्षोभों और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरणों के कारण उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम की हलचल 26 मार्च की रात से शुरू होने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बढ़ेगी। इसके प्रभाव से 26 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जिसके साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी इसी दिन गरज और बिजली के साथ हल्की वर्षा का अनुमान है। 27 मार्च को दिल्ली, उत्तराखंड में हल्की बारिश और उत्तर प्रदेश में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। 28 मार्च से एक और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। राजस्थान के क्षेत्रों में भी 28 मार्च से बारिश और गरज के साथ मौसम बदलने के आसार हैं।
देश के पूर्वोत्तर हिस्सों, विशेषकर असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 27 और 28 मार्च को व्यापक स्तर पर मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। नागालैंड में भी 28 मार्च को भारी बारिश के लिए सतर्क रहने को कहा गया है। पूर्वी भारत की बात करें तो बिहार, झारखंड और ओडिशा में 27 और 28 मार्च को छिटपुट वर्षा और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 27 मार्च को भारी वर्षा के साथ ओलावृष्टि और 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
मध्य भारत के विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 26 और 27 मार्च को, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 27 और 28 मार्च को गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में अगले 5 दिनों तक छिटपुट हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा, वहीं केरल और माहे में 27 और 28 मार्च को विशेष रूप से बिजली गिरने के आसार है।
जहां तक तापमान बात है, अगले 4 दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि संभव है। वहीं, केरल में 26 मार्च तक गर्म और आर्द्र मौसम की स्थिति बनी रहेगी, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।