राष्ट्रीय

प्री- मानसून के बाद बदला मौसम का मिजाज, अगले पांच दिन होगी तेज बारिश; इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी

Heavy Rain Alert: मौसम विभाग के मुताबिक प्री मानसून रफ्तार पकड़ने वाला है। IMD के मुताबिक अगले 5 दिन के दौरान भारत के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलने वाला है।
2 min read
• •
Updated: 3 May 2026, 7:51 AM IST
IMD issues Heavy Rain Alert
IMD issues Heavy Rain Alert

IMD Update: देश में मई महीने के शुरुआत में मौसम (Weather Update) ने एक बार फिर से करवट बदल लिया है। प्री मानसून (Pre-Monsoon) के दस्तक देने के बाद शनिवार को कई जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने ताजा अपडेट में देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले 5 दिनों के दौरान भारत के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलने वाला है।

इन राज्यों में होगी गरज-चमक के साथ बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। 

राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी आंधी-बारिश का असर देखने को मिलेगा, जबकि 4 और 5 मई को कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं, ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी की चेतावनी जारी की गई है।

इन जगहों पर होगी बहुत भारी बारिश

आईएमडी के मुताबिक अगले पांच दिनों तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होगी। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसी तरह पूर्वी भारत के राज्यों पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी लगातार बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 4 से 6 मई के बीच कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज तूफान और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है।

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

वहीं मध्य भारत की बात करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी मौसम बदलेगा। यहां गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। 3 से 5 मई के दौरान कुछ स्थानों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज आंधी चल सकती है। 

दक्षिण भारत में भी मौसम दो तरह का असर दिखाएगा। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी, वहीं तटीय आंध्र प्रदेश में 3 मई को हीट वेव की स्थिति भी बन सकती है। इसके अलावा कई इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।

Updated on:
3 May 2026, 7:51 AM IST
Published on: