राष्ट्रीय

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया, जानिए प्रधानमंत्री ने क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अनुच्छेद 370 को निरस्त करने पर आज का सुप्रीम कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक है। पीएम मोदी ने जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के लोगों को यह आश्वासन भी दिया कि उनके सपनों को पूरा करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता अटूट है।
2 min read
• •
Updated: 11 Dec 2023, 1:49 PM IST
pm_modi_2025.jpg

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के मोदी सरकार के फैसले को सही ठहराया है। शीर्ष कोर्ट के इस फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर की है। पीएम मोदी ने कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक है। यह 5 अगस्त 2019 को भारत की संसद द्वारा लिए गए फैसले को संवैधानिक रूप से बरकरार रखता है। प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के लोगों को यह आश्वासन भी दिया कि उनके सपनों को पूरा करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता अटूट है।


अनुच्छेद 370 को निरस्त करने पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक

प्रधानमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए 'नया जम्मू कश्मीर" के हैशटैग के साथ एक्स पर पोस्ट कर कहा, अनुच्छेद 370 को निरस्त करने पर आज का सुप्रीम कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक है और 5 अगस्त 2019 को भारत की संसद द्वारा लिए गए फैसले को संवैधानिक रूप से बरकरार रखता है। यह जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में हमारी बहनों और भाइयों के लिए आशा, प्रगति और एकता की एक शानदार घोषणा है।

यह भी पढ़ें- Article 370 : सुप्रीम कोर्ट के इन पांच जजों ने सुनाया फैसला, जानिए CJI चंद्रचूड ने अराजकता का क्यों किया जिक्र

एक मजबूत और एकजुट भारत बनाएंगे

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोर्ट ने अपने गहन ज्ञान से, एकता के मूल सार को मजबूत किया है जिसे हम, भारतीय होने के नाते, बाकी सब से ऊपर प्रिय मानते हैं और संजोते हैं। मैं जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आपके सपनों को पूरा करने के लिए हमारी प्रतिबद्धता अटूट है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि प्रगति का लाभ न केवल आप तक पहुंचे, बल्कि इसका लाभ हमारे समाज के सबसे कमजोर और हाशिए पर रहने वाले वर्गों तक भी पहुंचे, जो अनुच्छेद 370 के कारण पीड़ित थे। आज का फैसला सिर्फ कानूनी फैसला नहीं है; यह आशा की किरण है, उज्जवल भविष्य का वादा है और एक मजबूत, अधिक एकजुट भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प का प्रमाण है।

यह भी पढ़ें- जम्‍मू-कश्‍मीर में जल्द कराए जाए विधानसभा चुनाव, सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को दी तारीख


Published on: