प्रियंका गांधी को असम विधानसभा चुनाव को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख बनाया गया है। कुछ दिनों पहले असम PCC चीफ गौरव गोगोई ने कहा था कि हम 100 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। पढ़ें पूरी खबर...
केरल की वायनाड सीट से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस में एक के बाद एक बड़ी जिम्मेदारी मिलती जा रही है। पार्टी ने उन्हें आगामी असम विधानसभा चुनाव का जिम्मा सौंपा है। कांग्रेस ने अप्रेल-मई में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के लिए स्क्रीनिंग कमेटियां गठित की हैं जिसमें प्रियंका को असम की स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख बनाया गया है।
स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिश पर ही पार्टी की चुनाव समिति टिकट तय करती है जिससे अब परोक्ष रूप से प्रियंका ही असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट बांटेंगी। प्रियंका को पहली बार किसी राज्य की स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख बनाया गया है। पार्टी के लिए 10 साल बाद असम में सत्ता वापसी की बड़ी चुनौती है जिससे पार पाने में उनकी प्रमुख भूमिका रहेगी। उनके साथ सांसद इमरान मसूद, एसएस उलाका और श्रीवेल्ला प्रसाद को कमेटी का सदस्य बनाया गया है।
प्रियंका के अलावा मधुसूदन मिस्री को केरल, टीएस सिंहदेव को तमिलनाडु और पुडुचेरी तथा बीके हरिप्रसाद को पश्चिम बंगाल की स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। केरल की कमेटी में राजस्थान से राज्यसभा सांसद नीरज डांगी को सदस्य बनाया गया है।
पार्टी के अंदर ऐसा मानना है कि प्रियंका गांधी संग कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व सांसद गौरव गोगोई संग रिश्ते बेहतर है। दोनों में सामंजस्य होने का फायदा भी पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में मिलेगा। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने असम के जोरहाट में पार्टी उम्मीदवार गौरव गोगोई के समर्थन में प्रचार अभियान भी किया था। सदन में भी दोनों के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिले।
कुछ दिनों पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि हम 126 में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। 26 सीटें गठबंधन के सहयोगियों के लिए छोड़ेंगे। गोगोई ने कहा कि कांग्रेस, एआईयूडीएफ के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने बदरुद्दीन अजमल की पार्टी AIUDF को सांप्रदायिक पार्टी करार दिया है।