असम दौरे पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कामाख्या मंदिर में दर्शन किए और पत्रकार के सवाल करने पर उन्होंने कहा कि वह भगवान से कभी कुछ नहीं मांगती हैं।
Assam Assembly Election: कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) इन दिनों असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर वह राज्य पहुंची हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
गुरुवार को गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर पहुंचीं प्रियंका गांधी ने विधि-विधान से पूजा की। मंदिर परिसर के बाहर पत्रकारों ने उनसे पूछा कि वह भगवान से क्या मांगेंगी? इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैं कभी भगवान से कुछ नहीं मांगती हूं।” उनका यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस दौरान उनके साथ असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रियंका गांधी का यह दौरा आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस पार्टी फरवरी के अंत तक असम विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। प्रियंका गांधी का यह दौरा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीति और उम्मीदवारों की सूची पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।