
अमित शाह ने तमिलनाडु में रोड शो किया (Photo- IANS)
Tamil Nadu Assembly Elections 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को तमिलनाडु में रोड शो (Amit Shah Roadshow) किया। इस दौरान अमित शाह ने DMK पर परिवारवाद का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन (Tamil Nadu Chief Minister M.K.Stalin) को परिवारवाद का उदाहरण बताया। शाह ने कहा कि एम.के.स्टालिन का उद्देश्य अपने बेटे उदयनिधि स्टालिन (Udhayanidhi Stalin) को मुख्यमंत्री बनाना है।
अमित शाह ने तमिलनाडु में इरोड के मोदाकुरिची विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार कृतिका के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान चुनावी सभा में कहा कि 23 अप्रैल के चुनाव के बाद NDA सरकार बनेगी। NDA सरकार बनते ही तमिलनाडु में परिवारवाद खत्म हो जाएगा। शाह ने कहा कि NDA एम.के.स्टालिन की परिवारवाद की रणनीति को खत्म करेगा। स्टालिन सरकार के जाने के बाद परिवारवाद खत्म होगा, भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और कानून-व्यवस्था सुधरेगी। अमित शाह ने कहा- पहले एम. करुणानिधि, फिर स्टालिन और अब उनका बेटा. परिवारवाद का यह खेल तमिलनाडु की जनता के लिए कभी भी अच्छा नहीं साबित होगा।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी अमित शाह ने कांग्रेस और DMK को घेरा। शाह ने कांग्रेस और DMK पर विकास के कार्यों और महिलाओं की प्रगति में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- कांग्रेस और DMK ने महिलाओं को संसद में आने से रोका और तमिलनाडु में सीटों की बढ़ोतरी को भी अस्वीकार कर दिया। गृह मंत्री ने कहा कि हम पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से आश्वासन देते हैं कि तमिलनाडु और भारत की महिलाओं के साथ न्याय करेंगे। हम कांग्रेस और DMK की योजनाओं को विफल करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तेनकासी के वासुदेवनल्लूर (आरक्षित) और राधापुरम में भाजपा उम्मीदवार अनंतन अय्यासामी व बालकृष्णन के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान राजनाथ सिंह ने DMK सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने अवैध रेत खनन, खराब कानून-व्यवस्था और जहरीली शराब से हुई घटनाओं के मामले पर सरकार को घेरा। रक्षा मंत्री ने कहा कि NDA सरकार बनने पर तिरुपरनकुंद्रम मंदिर पर 'दीपम' जलाया जाएगा। इसके साथ ही भ्रष्टाचार को खत्म किया जाएगा। अवैध खनन से लूटा गया धन वापस लाया जाएगा।
Published on:
20 Apr 2026 02:52 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
