
NDA protest Parliament: संसद में मंगलवार को सत्ता पक्ष एनडीए द्वारा विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एनडीए और विपक्ष के सांसदों के बीच बहस भी देखने को मिली। दरअसल, प्रदर्शन के दौरान एक मौका ऐसा आया जब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और बीजेपी सांसद मुकेश दलाल का आमना-सामना हो गया। जब प्रियंका गांधी संसद की तरफ जा रही थीं, तो बीजेपी सांसद ने ‘राहुल गांधी शर्म करो, शर्म करो’ के नारे लगाने लग गए।
इस दौरान बीजेपी सांसद दलाल के हाथों में 'झारखंड में छात्रों पर हुई निर्दयता पर राहुल गांधी जवाब दो' के पोस्टर थे। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी ने झारखंड के छात्रों से मुलाकात की। यह कहते हुए कांग्रेस सांसद मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गईं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री अमित शाह से संसद में आकर इस मुद्दे पर बयान देने की मांग की।
उन्होंने संसद परिसर में सत्तापक्ष के सांसदों की ओर से किए जा रहे प्रदर्शन पर भी तंज कसा। प्रियंका गांधी ने कहा कि पहली बार मैंने देखा है कि सत्तापक्ष के सांसद प्रदर्शन कर रहे हैं। कम से कम हमने उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर तो किया है। अब उन्हें (अमित शाह को) आकर बयान देना चाहिए।
वहीं बीजेपी सांसद मुकेश दलाल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी झारखंड कब आए? राहुल गांधी और केजरीवाल झारखंड जाने की हिम्मत क्यों नहीं करते? प्रियंका (गांधी वाड्रा) ने मुझसे कहा कि राहुल गांधी इस पर काम कर रहे हैं। तो, मैंने उनसे पूछा कि राहुल गांधी झारखंड क्यों नहीं गए।
बीजेपी नेता अरुण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को शर्म आनी चाहिए। झारखंड में, जहां कांग्रेस पार्टी की सरकार है, युवाओं की बेरहमी से पिटाई हुई है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वहां क्यों नहीं जाते? असल में, वे इन सबसे भाग रहे हैं, और उन्हें वहां जाना चाहिए।
बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा कि पहले तो विपक्ष ने चर्चा के लिए इतना हंगामा किया। अब जब चर्चा होने वाली है, तो वे इससे भाग रहे हैं। वे अमित शाह को सुनना नहीं चाहते। ऐसे में सदन कैसे चलेगा? देश देख रहा है कि वे कैसे देश विरोधी ताकतों के हाथों में पड़ गए हैं। यह शर्म की बात है कि उन्होंने इसमें एक दिन भी सदन नहीं चलने दिया।