
Parliament Winter Session 2024: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सांसदों पर निशाना साधा, जो डॉ अंबेडकर का अपमान करने के आरोप में उनकी पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। प्रियंका गांधी ने कहा कि लोगों को यह भ्रम नहीं रहना चाहिए कि भाजपा संविधान की रक्षा कर रही है, क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से इस्तेमाल की गई भाषा उनकी वास्तविकता को दर्शाती है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने संवाददाताओं से कहा, 'हम रोजाना सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक विरोध प्रदर्शन करते हैं। अब तक कुछ नहीं हुआ है। यह सब एक साजिश है। हमने उन लोगों से 'जय भीम' का नारा लगाने के लिए कहा जो हमें रोक रहे थे...हमने कुछ नहीं कहा। हम अपने संविधान के लिए नारे लगाते रहे। अगर इस देश के लोग सोचते हैं कि ये लोग संविधान की रक्षा कर रहे हैं, तो उन्हें भ्रमित नहीं रहना चाहिए क्योंकि अमित शाह की भाषा ने उनकी वास्तविकता को उजागर कर दिया है। वे जय भीम भी नहीं कह सकते। मैं उन्हें यहां जय भीम कहने की चुनौती देती हूं।'
वायनाड से कांग्रेस सांसद वाड्रा ने कहा, 'राहुल गांधी शांतिपूर्वक संसद के अंदर जा रहे थे, उन्होंने बीआर अंबेडकर की तस्वीर पकड़ी हुई थी और 'जय भीम' का नारा लगाया हुआ था। उन्हें संसद में जाने से किसने रोका? हम इतने दिनों से विरोध कर रहे हैं और अंदर और बाहर जाने वालों के लिए हमेशा जगह बची रहती है। वह "शारीरिक हमले" के आरोपों के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बचाव में सामने आईं। वाड्रा ने कहा कि उनके भाई शांतिपूर्वक संसद के अंदर जा रहे थे, तभी भाजपा सांसदों ने उन्हें रोक दिया। प्रियंका गांधी ने BJP संसदों को संसद परिसर में "जय भीम" का नारा लगाने की चुनौती दी। प्रियंका गांधी ने आगे भाजपा सांसदों पर विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को धक्का देने का आरोप लगाया। पूरी स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह अमित शाह को बचाने की साजिश थी।