राष्ट्रीय

Puducherry Elections: सिंगापुर, दुबई जैसा विकसित आर्थिक हब बनाने का दावा, लॉटरी किंग के बेटे ने बढ़ाई हलचल

Puducherry Elections 2026: पुदुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 9 अप्रैल 2026 को एक चरण में होंगे। मतगणना 4 मई 2026 को होगी। चुनाव में लॉटरी किंग के बेटे की एंट्री की वजह से राजनीति में हलचल बढ़ गई है।

2 min read
Apr 03, 2026
जोस चार्ल्स मार्टिन (फोटो- चार्ल्स ग्रुप)

Puducherry Elections 2026:पुदुचेरी विधानसभा के 30 सीटों पर हो रहे चुनाव में उतरे ‘लॉटरी किंग’ सैंटियागो मार्टिन के बेटे जोस चार्ल्स मार्टिन (37 वर्ष) ने राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने लाचिया जननायक काची (एलजेके) नाम से नई पार्टी बनाई और कामराज नगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

वे आइएनआरसी-भाजपा गठबंधन के साथ मैदान में हैं। जोस चार्ल्स ने बड़ा दावा किया कि वे पुदुचेरी को सिंगापुर, दुबई या हांगकांग जैसा विकसित आर्थिक हब बनाएंगे। उन्होंने विदेशी निवेश आकर्षित करने, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, आधुनिक आवासीय परियोजनाओं और सिंगापुर के कंसल्टेंट्स के साथ लंबी अवधि की शहरी विकास योजना पर जोर दिया। जोस ने कहा, 'व्यवसायी राजनीतिज्ञों से ज्यादा शक्तिशाली होते हैं। हम समाज को इतना योगदान देते हैं तो बदलाव क्यों नहीं ला सकते?'

597 करोड़ की संपत्ति, 24,000 करोड़ का टर्नओवर

उनके पास 597 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित है। उनके परिवार के 15 उद्योगों (शिक्षा, होटल, माइक्रो फाइनेंस आदि) का कुल टर्नओवर 24,000 करोड़ रुपए है। जोस ने कहा कि वे राजनीति में आने के बाद अपने व्यवसायिक हितों को अलग रखेंगे।

अलग दल से चुनाव लड़ रही मां लीमा रोज मार्टिन

परिवार में कलह भी सामने आई है। उनकी मां लीमा रोज मार्टिन एआइएडीएमके के टिकट पर तमिलनाडु में चुनाव लड़ रही हैं, जबकि बहनोई आदव अर्जुन विजय की टीवीके पार्टी से विल्लिवक्कम सीट पर उम्मीदवार हैं। जोस चार्ल्स ने आदव अर्जुन पर परिवार को बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुदुचेरी में युवाओं को रोजगार देने और लोगों की जरूरतों को पूरा करने का वादा किया।

क्या है पुदुचेरी का गणित

पुदुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 9 अप्रैल 2026 को एक चरण में होंगे। मतगणना 4 मई 2026 को होगी। कुल 9.44 लाख मतदाता हैं, जिनमें महिलाएं, पुरुषों से अधिक हैं। वर्तमान में सत्ता में एनडीए गठबंधन (एआईएनआरसी-बीजेपी) है, जिसमें मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी (एआईएनआरसी) की अगुवाई है। सीट बंटवारे के अनुसार एआईएनआरसी 16, बीजेपी 10, एआईएडीएमके और एलजेके को 2-2 सीटें मिली हैं।

Published on:
03 Apr 2026 08:36 am
Also Read
View All

अगली खबर