
नई दिल्ली। बीते दिनों कश्मीर में हुई 7 नागरिकों की हत्या के बाद से सेना का ऑपरेशन लगातार जारी है। नागरिकों और सेना के जवानों की शहादत के जवाब में आज सुरक्षाबलों ने पुलवामा में मुठभेड़ के दौरान एक और आतंकी को मार गिराया है। जानकारी के मुताबिक यह आतंकी बीते दिनों कश्मीर में हुई एक नागरिक की हत्या में शामिल था। फिलहाल सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ अभी जारी है।
आम नागरिक की हत्या में था शामिल
अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलवामा के वहीबुग इलाके में मुठभेड़ के दौरान सेना ने एक आतंकी को मार गिराया है। आतंकी की पहचान शाहिद बसीर शेख के रूप में हुई है। खास बात यह है कि आतंकी 2 अक्टूबर को कश्मीर में हुई एक नागरिक की हत्या में शामिल था।
जानकारी के मुताबिक घटना के दौरान आतंकी ने एके 47 का इस्तेमाल किया गया था। सुरक्षाबलों ने आतंकी के पास से मैग/अमन के साथ एक एके राइफल भी बरामद की है। बता दें कि कश्मीर में बीते दिनों कई आतंकी घटनाएं हुईं। इसके बाद से भारतीय सेना आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चला रही है।
गौरतलब है कि आतंकी हमलों में 7 नागरिकों की मौत हुई हैं। इसके साथ ही सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन के दौरान आतंकियों से मुठभेड़ में सेना की 7 जवान भी शहीद हो गए हैं। वहीं सुरक्षाबलों ने भी अब तक करीब 9 आतंकियों को मार गिराया है।