राष्ट्रीय

पंजाब चुनाव से पहले केजरीवाल को बड़ा झटका, पूर्व CM चन्नी को हराने वाले विधायक ने AAP छोड़ थामा अकाली दल का दामन

Punjab Assembly Election 2027: 2022 में चन्नी को हराने वाले चमकौर साहिब के AAP विधायक डॉ. चरणजीत सिंह टिकट कटने के बाद शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 1:46 PM IST
Charanjit Singh joins SAD
Charanjit Singh joins SAD :पंजाब में AAP को एक और झटका, चन्नी को हराने वाले विधायक चरणजीत सिंह अकाली दल में शामिल (फोटो सोर्स:@officeofssbadal)

Charanjit Singh Joins SAD: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) की मुश्किल और बढ़ गई है। चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह रविवार, 29 नवंबर को शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए। टिकट कटने के बाद से वह पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे थे।

डॉ. सिंह ने चंडीगढ़ में अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के आवास पर उनके नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ली।

Charanjit Singh joins SAD: टिकट कटा, निर्दलीय लड़ने का किया था ऐलान

आम आदमी पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए चमकौर साहिब से डॉ. चरणजीत सिंह की जगह जसवीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाया है। गढ़ी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हैं।

टिकट नहीं मिलने पर डॉ. सिंह ने निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की थी। अब उन्होंने अकाली दल का दामन थाम लिया है।

चन्नी को हराकर आए थे चर्चा में

डॉ. चरणजीत सिंह की पहचान 2022 के विधानसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर करने वाले नेता की रही है। उन्होंने चमकौर साहिब सीट पर तत्कालीन मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता चरणजीत सिंह चन्नी को शिकस्त दी थी। इस जीत ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया था।

अकाली दल को मजबूती की उम्मीद

अकाली दल के वरिष्ठ नेता एनके शर्मा ने कहा कि डॉ. सिंह के आने से क्षेत्र में पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी।

चुनाव से पहले चौथे विधायक ने छोड़ा साथ

डॉ. सिंह के इस कदम के साथ चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले विधायकों की संख्या चार हो गई है। इन चारों में अकाली दल का रुख करने वाले वह पहले विधायक हैं।

इससे पहले 2 नवंबर को तीन विधायकों ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ली थी। इनमें सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और अमृतसर उत्तर से कुंवर विजय प्रताप सिंह शामिल थे।

तीनों का पार्टी से अलग होना इस्तीफों और नेतृत्व के साथ मतभेद के सिलसिले के बाद हुआ। भाजपा में जाने का ऐलान करते हुए उन्होंने नशे, कानून-व्यवस्था और पंजाब की हालत जैसे मुद्दे उठाए थे।

बदलते सियासी समीकरण

दलबदल का यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब शिरोमणि अकाली दल और भाजपा हाल ही में फिर साथ आए हैं। इस गठबंधन के बाद राज्य के राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।

Updated on:
29 Nov 2026, 1:46 PM IST
Published on: