
कांग्रेस नेता राहुल गांधी DMK प्रमुख एमके स्टालिन से करेंगे मुलाकात(फोटो-IANS)
Delimitation Bill 2026: परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने DMK प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात कर प्रस्तावित परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील की है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ वह चेन्नई जा रहे हैं, जहां स्टालिन से मुलाकात कर इस बिल के खिलाफ साथ आने का आग्रह करेंगे। इस पर तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि इस मामले में अंतिम फैसला उनके नेता लेंगे। आपको बता दें कि राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खरगे आज चेन्नई एमके स्टालिन से मिलने जाने वाले हैं।
राहुल गांधी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता और वह खुद चेन्नई जाकर एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे और उनसे परिसीमन संविधान संशोधन बिलों का विरोध करने का अनुरोध करेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा की सीटों को 850 तक बढ़ाने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे बीजेपी और आरएसएस को देश के चुनावी नक्शे को अपने फायदे के हिसाब से बदलने की असीमित गुंजाइश मिल जाएगी।
राहुल गांधी ने स्टालिन को संबोधित करते हुए कहा कि तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ वह हमेशा मजबूती से खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए इस बिल को मिलकर हराना जरूरी है।
राहुल गांधी की अपील पर तमिलनाडु के नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि परिसीमन बिल को लेकर अंतिम फैसला पार्टी के सर्वोच्च नेता एमके स्टालिन ही लेंगे।
इस बयान के बाद परिसीमन बिल पर DMK के रुख को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस की अपील के बाद पार्टी अपने पुराने रुख पर कायम रहती है या आगे कोई नया निर्णय लेती है, यह देखना चिलचस्प होगा।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी परिसीमन बिल को लेकर जारी राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'पिक्चर अभी बाकी है ब्रो।' उनका बयान ऐसे समय आया है, जब विपक्षी दलों के बीच बिल को लेकर समर्थन और विरोध की रणनीति पर चर्चा जारी है।
परिसीमन बिल को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच एक दिन पहले DMK सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। दिल्ली में हुई इस बैठक में DMK सांसद कनिमोझी करुणानिधि के साथ ए राजा, दयानिधि मारन और टीआर बालू भी शामिल रहे। अमित शाह से मुलाकात के बाद कनिमोझी ने परिसीमन को लेकर DMK का रुख स्पष्ट किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपना स्टैंड नहीं बदला है। DMK हमेशा से निष्पक्ष परिसीमन की मांग करती रही है। पार्टी परिसीमन को रोकने के पक्ष में नहीं है, बल्कि चाहती है कि इससे तमिलनाडु के हितों को नुकसान न पहुंचे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




