
CM Bhagwant Mann: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' लॉन्च की। इस योजना के लॉन्च होने के साथ ही राज्य की लाभार्थी महिलाओं के बैंक खाते में 3 महीने की राशि एक मुश्त जमा हो गई। इसके तहत पंजाब की महिलाओं के खातों में एक हजार से 1500 रुपए प्रति माह के हिसाब पैसे बैंक खाते में ट्रांसफर हुए। पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 से पहले आम आदमी पार्टी द्वारा महिलाओं से किए गए यह प्रमुख वादों में शामिल था।
राज्य की 18 या उससे अधिक उम्र की महिलाएं 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' की पात्र होगी। योजना के तहत राज्य की सामान्य वर्ग की महिलाओं को कुल 3000 रुपए (प्रति माह एक हजार रुपए) मिले। वहीं अनुसूचित जाति की महिलाओं को कुल 4500 रुपए (प्रति माह 1500 रुपए) मिले। इस योजना के लभार्थियों के बारे में पंजाब सरकार का कहना है कि योजना के लिए 50 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। इस योजना के लिए पंजीकरण करानी वाली अन्य महिलाओं को भी पात्रता के मुताबिक लाभ दिया जाएगा।
इस योजना के लिए सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन पाने वाली महिलाएं भी पात्र है। पंजाब सरकार का अनुमान है कि राज्य की 97 फीसदी महिलाओं को योजना का लाभ मिल सकेगा। इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से 2025-26 के बजट में 9,300 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस योजना का मकदस राज्य की महिलाओं को आर्थिक मदद देकर सशक्त बनाना है।
मध्य प्रदेश: 2023 विधानसभा चुनाव
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी गई। भाजपा ने 230 में से 163 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया। राजनीतिक विश्लेषकों ने इस योजना को भाजपा की जीत का सबसे बड़ा कारणों में से एक माना।
पश्चिम बंगाल: 2021 विधानसभा चुनाव
लक्ष्मी भंडार योजना के जरिए महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता दी गई। इस योजना ने महिला मतदाताओं के बीच तृणमूल कांग्रेस की पकड़ मजबूत की और पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटी।
कर्नाटक: 2023 विधानसभा चुनाव
कांग्रेस ने गृह लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2,000 देने का वादा किया। चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला और सरकार बनने के बाद इस वादे को लागू किया गया। विश्लेषकों के अनुसार इस वादे का महिला मतदाताओं पर सकारात्मक असर पड़ा।
महाराष्ट्र: 2024 विधानसभा चुनाव
मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना के तहत महिलाओं को ₹1,500 प्रति माह देने की घोषणा और क्रियान्वयन के बाद महायुति गठबंधन को विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत मिली। इसे महिला वोटों को आकर्षित करने वाला प्रमुख कारक माना गया।
झारखंड: 2024 विधानसभा चुनाव
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत चुनाव से पहले सहायता राशि बढ़ाकर ₹2,500 प्रति माह कर दी गई। इसके बाद जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन दोबारा सत्ता में लौटा और महिला मतदाताओं के समर्थन को इसकी बड़ी वजह माना गया।
अन्य राज्य
असम की ओरुनोदोई योजना, छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना, ओडिशा की सुभद्रा योजना और तमिलनाडु की कलैग्नर मगलिर उरिमई थिट्टम भी महिला मतदाताओं को साधने की महत्वपूर्ण राजनीतिक योजनाएं रही हैं। हालांकि इन राज्यों में चुनावी प्रभाव राज्यवार परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग रहा है।