राष्ट्रीय

Punjab Politics: पंजाब को लेकर दिसंबर में BJP करने जा रही एक और बड़ी घोषणा, SAD से गठबंधन के बाद सामने आई अंदर की बात!

Punjab Politics News: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और अकाली दल ने गठबंधन फाइनल कर लिया है। रवनीत सिंह बिट्टू के मुताबिक, कॉमन मिनिमम प्रोग्राम 90 फीसदी तैयार है और दिसंबर में जारी होगा।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 3:09 PM IST
Punjab Politics
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन। (फोटो- IANS)

पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसको देखते हुए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने छह बाद एक दूसरे से हाथ मिला लिया है। इस गठबंधन के बाद एक और बड़ी खबर सामने आई है।

भाजपा पंजाब चुनाव के मद्देनजर दिसंबर में एक और बड़ी घोषणा करने जा रही है। दरअसल, शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन के बाद भाजपा के कद्दावर नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने बड़ा बयान दिया।

दिसंबर में क्या होगी घोषणा?

रवनीत सिंह बिट्टू ने मीडिया से बात करते हुए यह दावा किया कि इस गठबंधन का कॉमन मिनिमम प्रोग्राम (सीएमपी) करीब 90 फीसदी तक तैयार हो चुका है। इसे दिसंबर में जनता के सामने पेश किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा- यह गठबंधन किसी एक पार्टी की पहल का नतीजा नहीं, जनता यह गठबंधन चाहती थी। भाजपा कार्यकर्ता, अकाली दल के कार्यकर्ता और मतदाता सहित सभी लोग यही चाहते थे। उन्हें 2022 और 2024 के चुनावी नतीजों को देखते हुए यह लगा कि दोनों पार्टियों को एक साथ आकर चुनाव लड़ना चाहिए ताकि एनडीए जीत सके। दोनों पार्टियों ने इस भावना को समझा और उसी के अनुसार फैसला लिया।

इन मुद्दों पर भाजपा का फोकस

रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा- आज सुखबीर सिंह बादल खुद भाजपा कार्यालय आए और गठबंधन पर औपचारिक रूप से मुहर लग गई। हमने पार्टी के सामने जो भी मुद्दे रखे थे, वे अभी भी हमारे एजेंडे में हैं - चाहे वह नशीले पदार्थों को खत्म करना हो, गैंगस्टरों का सफाया करना हो, सिख कैदियों का मुद्दा हो या कॉरिडोर का मामला हो। इन सभी मुद्दों पर मीडिया के सामने चर्चा की जाएगी और दिसंबर में आपके सामने 'कॉमन मिनिमम प्रोग्राम' पेश किया जाएगा।

'हमारी कमेटियां पहले ही बन चुकी हैं'

रवनीत सिंह बिट्टू ने आगे बताया कि 'कॉमन मिनिमम प्रोग्राम' के लिए हमारी कमेटियां पहले ही बन चुकी हैं। मैं खुद भी ऐसी ही एक कमेटी का सदस्य हूं, जिसमें अकाली दल के अन्य सदस्य भी शामिल हैं। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो चुकी है और 'कॉमन मिनिमम प्रोग्राम' का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा तय हो चुका है।

इस वजह से अब तक जारी नहीं हुआ प्रोग्राम

रवनीत बिट्टू ने बताया कि दोनों पार्टियों की कमेटियां अभी अलग-अलग जिलों का दौरा कर रही हैं और लोगों से मिल रही हैं, इसलिए इन दौरों के दौरान सामने आने वाले किसी भी नए मुद्दे को भी 'कॉमन मिनिमम प्रोग्राम' में शामिल कर लिया जाएगा। और मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि यह एक तरह की आधिकारिक गारंटी की मुहर है, ऐसी मुहर जो किसी चीज की पुष्टि करती है।

Updated on:
24 Nov 2026, 3:09 PM IST
Published on: