राष्ट्रीय

पंजाब कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी कलह, चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में जुटे विधायक-पूर्व मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग को हटाने की उठी मांग

Charanjit Singh Channi: पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज हो गई है। कांग्रेस के कई नेताओं ने राजा वड़िंग को पद से हटाने और चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग की है।
2 min read
Jul 03, 2026
punjab Congress
पंजाब कांग्रेस में बवाल(फोटो-IANS)

Congress: पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर विवाद गहरा गया है। चरणजीत सिंह चन्नी के घर 50 नेताओं की बैठक में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को हटाने और चन्नी को प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की मांग उठी। पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर तीन विधायकों समेत करीब 50 कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई, जिसमें अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर नाराजगी जताई गई। बैठक में शामिल नेताओं ने पार्टी हाईकमान से फैसले पर पुनर्विचार करने और चन्नी को प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की मांग उठाई।

चन्नी के घर जुटे कांग्रेस के कई बड़े नेता

चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर हुई बैठक में विधायक तृप्त राजिंदर बाजवा, बरनाला के विधायक काला ढिल्लों, कपूरथला के विधायक राणा गुरजीत सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू, गुरकीरत सिंह कोटली समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

इसके अलावा पूर्व विधायक गुरप्रीत कांगड़, नाजर सिंह मानशाहिया, परमिंदर सिंह पिंकी, दविंदर सिंह घुबाया, यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लों, कमलजीत कड़वल, पूर्व सांसद मोहम्मद सादिक, पूर्व विधायक जोगिंदर पाल, दिनेश बस्सी, दलबीर गोल्डी, पिरमल सिंह और दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी बैठक में मौजूद रहे।

हाईकमान से फैसले पर पुनर्विचार की मांग

बैठक के बाद विधायक तृप्त राजिंदर बाजवा ने कहा कि मौजूद सभी नेताओं ने चरणजीत सिंह चन्नी से आग्रह किया है कि वे कांग्रेस हाईकमान के सामने अपनी बात रखें। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पार्टी के कई नेता संतुष्ट नहीं हैं और हाईकमान को इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।

कांग्रेस नेता नाजर सिंह मानशाहिया ने भी कहा कि बैठक में आए नेताओं ने अपनी भावनाएं खुलकर रखीं। उनके मुताबिक, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता राजा वड़िंग की पुनर्नियुक्ति से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चन्नी को पंजाब कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाना चाहिए।

'चन्नी के नाम पर मिलेंगे वोट'

बैठक में शामिल कांग्रेस नेता दर्शन सिंह बराड़ ने कहा कि चर्चा का मुख्य विषय अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का विरोध था। उन्होंने दावा किया कि यदि चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है और उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाता है तो कांग्रेस पंजाब में सरकार बना सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजा वड़िंग संगठन को प्रभावी ढंग से नहीं चला पाए।

बलकौर सिंह ने भी जताया समर्थन

दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने बैठक के बाद कहा कि सभी नेताओं ने चरणजीत सिंह चन्नी के प्रति अपना समर्थन जताया है।

Updated on:
03 Jul 2026 06:12 pm
Published on:
03 Jul 2026 05:23 pm
Also Read
View All
इंस्टाग्राम पर बच्चों से जुड़े यौन शोषण सामग्री वाले विज्ञापनों पर सरकार सख्त, Meta को तलब करने के निर्देश

म्यांमार ट्रेनिंग मॉड्यूल केस: भारी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश हुए 5 यूक्रेनी और 1 अमेरिकी नागरिक, जानिए क्या है आरोप?

IMD Red Alert Mumbai: लगातार बारिश से बेहाल मुंबई में वीकेंड पर और बरसेंगे बादल, शनिवार और रविवार के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी

केतन हत्याकांड में बड़ा खुलासा: ‘कोड वर्ड’ में बात करते थे सिया और चेतन, पुलिस के हाथ लगा दूसरा मोबाइल फोन, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

केतन अग्रवाल मर्डर केस: पुलिस ने कोर्ट से मांगी आरोपियों की 3 दिन की और कस्टडी