
Punjab Politics: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रतिबंधित कैप्सूल की बिक्री को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध के बाद भी अलग-अलग नामों से इन कैप्सूल को बेचा जा रहा है। परगट सिंह ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करने में AAP सरकार नाकाम रही है और जिम्मेदार लोग कार्रवाई से बच रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में साल 2021 में कई जिलों में इन कैप्सूल की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद भी अलग-अलग नामों से अब कैप्सूल की बिक्री जारी रही।
मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने 2023 में परगट सिंह झोटा की ओर से की गई कार्रवाई का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके पास आधिकारिक अधिसूचना मौजूद है। इसके मुताबिक, झोटा ने एक दुकानदार को प्रतिबंधित कैप्सूल बेचते हुए पकड़ा था।
उन्होंने कहा कि जब इन कैप्सूल पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका था, तो फिर इनकी बिक्री कैसे जारी रही? कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले में सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए।
कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने दावा किया कि हालिया घटना के बाद छह दुकानों को बंद कर दिया गया और उनके लाइसेंस रद्द कर दिए गए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि प्रतिबंधित कैप्सूल बेचे जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि मैं चिकित्सा पेशे से जुड़े लोगों का सम्मान करता हूं, लेकिन अगर जनस्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभालने वाले लोग ही भ्रष्ट हों, तो आम जनता किस पर भरोसा करेगी? यहां की सरकार नाकाम रही है और जिम्मेदार लोग भाग गए हैं।"
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो मामले के जिम्मेदार लोगों को वापस लाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।