राष्ट्रीय

पंजाब में ED की छापेमारी, मनीष सिसोदिया बोले- भाजपा कुछ भी कर ले पंजाब को प्रभावित नहीं कर सकती

पंजाब में ईडी छापेमारी को मनीष सिसोदिया ने बताया राजनीति से प्रेरित, कहा- चुनाव से पहले 'आप' नेताओं-कार्यकर्ताओं को परेशान करने की साजिश।
2 min read
Sep 24, 2026
Manish Sisodia, Punjab Drugs,
आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया (फाइल फोटो - आईएएनएस)

ED in Punjab: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के पूर्व सीएम मनीष सिसोदिया ने पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कथित छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार पर जुबानी हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में ईडी की कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है और चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं, अधिकारियों और कारोबारियों को परेशान करने के मकसद से की जा रही है। सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार चुनाव के जरिए पंजाब को प्रभावित नहीं कर पा रही है, इसलिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

आप से जुड़े लोगों के घरों पर ईडी की छापेमारी

सिसोदिया ने कहा कि पंजाब में अधिकारियों और आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों के घरों पर ईडी की कार्रवाई की जा रही है। कई जगह अधिकारियों से यह तक नहीं बताया जा रहा कि किस मामले या कथित घोटाले की जांच की जा रही है। कुछ अधिकारियों के घरों पर ईडी की टीमें कई दिनों तक मौजूद रहीं। इसी तरह आप कार्यकर्ताओं के घरों पर भी छापेमारी की जा रही है। जब कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों से पूछा कि वे क्या तलाश रहे हैं, तो कथित तौर पर उन्हें जवाब मिला कि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है।

पंजाब के कारोबारियों को भी बनाया जा रहा निशाना

उन्होंने दावा किया कि कई जगहों पर न तो पैसा मिला और न ही कोई ऐसा दस्तावेज मिला, जिससे भ्रष्टाचार का मामला सामने आए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के कारोबारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी ईडी की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। जांच के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है और कई मामलों में अधिकारियों को खुद यह जानकारी नहीं है कि वे किस कथित घोटाले की जांच कर रहे हैं। सिसोदिया ने एक पार्टी चेयरमैन के घर का भी जिक्र किया और दावा किया कि जब संबंधित व्यक्ति घर पर मौजूद नहीं थे और घर में ताला लगा था, तो ईडी की टीम ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

ईडी के जरिए राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश

सिसोदिया ने पंजाब में आगामी चुनाव को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को समझ आ गया है कि पंजाब में उसे वोट के जरिए समर्थन नहीं मिलेगा, इसलिए ईडी के जरिए राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। पंजाब के लोग इसका जवाब वोट के जरिए देंगे। हमारी सरकार ईमानदारी की राजनीति कर रही है और जांच एजेंसियां कितनी भी कार्रवाई कर लें, उन्हें भ्रष्टाचार से जुड़ा कुछ नहीं मिलेगा।

ईडी की गाड़ियों में तोड़फोड़ किए जाने के सवाल पर सिसोदिया ने कहा कि उन्हें इस बारे में पूरी जानकारी नहीं है कि किसकी गाड़ी तोड़ी गई और किसकी नहीं। अगर पंजाब के लोग विरोध कर रहे हैं तो पहले यह भी बताया जाना चाहिए कि ईडी की टीमें वहां क्या कार्रवाई कर रही थीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अधिकारी रात में रुक रहे थे तो गद्दे मंगाकर सोने और सुबह वहां से चले जाने जैसी बातें सामने आ रही हैं।

आप में कोई बौखलाहट नहीं है: मनीष सिसोदिया

विपक्ष की ओर से यह सवाल उठाए जाने पर कि अगर आप खुद को ईमानदार पार्टी बताती है तो ईडी की कार्रवाई को लेकर बौखलाहट क्यों है। इस पर सिसोदिया ने कहा कि पार्टी बौखलाई नहीं है, बल्कि अपना पक्ष रख रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चार हजार की जगह चार लाख ईडी अधिकारियों को भी पंजाब भेज दे, तब भी आम आदमी पार्टी में भ्रष्टाचार नहीं मिलेगा, क्योंकि पार्टी भ्रष्टाचार नहीं करती और भ्रष्टाचारियों को बख्शती भी नहीं है।

Updated on:
24 Sept 2026 06:10 pm
Published on:
24 Sept 2026 05:52 pm