
BJP Akali Dal Alliance Update: जालंधर। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अकाली दल के साथ गठबंधन की अटकलों पर विराम लगा दिया है। पंजाब प्रभारी और सांसद सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी अपने दम पर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने की कोशिश करेगी। जालंधर में मीडिया से बातचीत में पूनिया ने कहा कि पंजाब में भाजपा का मिशन स्पष्ट है। पार्टी अपने संगठन की ताकत, विचारधारा और जनता के आशीर्वाद के दम पर प्रदेश में मजबूत सरकार बनाने का प्रयास करेगी।
सतीश पूनिया ने बताया कि भाजपा जल्द ही प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान शुरू करने जा रही है। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में केंद्र सरकार की योजनाओं के जरिए आम लोगों के जीवन में आए बदलावों के बारे में जनता को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
आम आदमी पार्टी की ओर से भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों पर पूनिया ने कहा कि AAP के पास कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक दिल्ली में सरकार चलाने के बाद पार्टी को सत्ता से बाहर होना पड़ा। पूनिया ने पंजाब में ड्रग्स, भ्रष्टाचार, रेत खनन और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर भी AAP पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी हताशा में इस तरह के बयान दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन पंजाब में 'डबल इंजन' सरकार के लक्ष्य के साथ काम कर रहा है।
पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन सिंह की मौत पर शोक व्यक्त करने दिल्ली से तीन भाजपा सांसदों के पहुंचने के बाद शुरू हुई सियासत पर भी पूनिया ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से संबंधित सांसदों को फटकार लगाई गई है।
पूनिया ने 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1984 की घटना के लिए सीधे तौर पर कांग्रेस जिम्मेदार थी। भाजपा ने दिल्ली और हरियाणा में दंगों से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि जिन सांसदों के वहां जाने को लेकर विवाद हुआ, उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से फटकार भी लगाई गई है।