राष्ट्रीय

वंदे भारत के खाने पर फिर उठे सवाल, महिला के सूज गए होंठ, मासूम बेटे की तबीयत बिगड़ी, जांच के घेरे में IRCTC

वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए खाने को लेकर विवाद बढ़ा, वाराणसी-देवघर यात्रा के दौरान महिला को एलर्जी और बच्चे की तबीयत बिगड़ी। सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद IRCTC ने जांच का आश्वासन दिया, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा और फूड क्वालिटी पर सवाल खड़े हो गए।

2 min read
Apr 01, 2026
Vande Bharat Train food hygiene(Image-X/@AyushiS54377868)

Vande Bharat Train: देश की सबसे आधुनिक और प्रीमियम ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर खाने की गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है। इस बार मामला वाराणसी से देवघर जा रही एक महिला यात्री से जुड़ा है, जिनका दावा है कि ट्रेन में परोसा गया खाना खाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। महिला के अनुसार, वह 27 मार्च को ट्रेन नंबर 22500 वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच E1 में सफर कर रही थीं। सफर के दौरान उन्होंने ट्रेन में दिया गया लंच खाया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनके होंठ सूजने लगे और शरीर में एलर्जी के लक्षण दिखाई देने लगे। स्थिति इतनी खराब हो गई कि उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता की जरूरत पड़ी।

Vande Bharat Train Food: सोशल मीडिया पर शेयर की फोटो


महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी तस्वीरें शेयर की, जिनमें उनके सूजे हुए होंठ साफ नजर आ रहे हैं। साथ ही डॉक्टर की पर्ची भी पोस्ट की, जिससे मामला और गंभीर हो गया। महिला ने यह भी बताया कि उनके साथ यात्रा कर रहा उनका दो साल का बेटा भी इस खाने से प्रभावित हुआ। बच्चे को यात्रा के दौरान ही दस्त की समस्या शुरू हो गई, जिससे वह काफी असहज हो गया। महिला का कहना है कि उन्होंने 24 घंटे के अंदर अस्पताल जाकर इलाज कराया, जिसके बाद जाकर दोनों की हालत में सुधार हुआ। उन्होंने ट्रेन में मिलने वाले पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए और कहा कि उसका स्वाद सामान्य नहीं था।

Vande Bharat Food Quality: अन्य लोगों ने भी दिए प्रतिक्रियाएं


इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी तेजी से आने लगीं। कई यूजर्स ने रेलवे के खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर चिंता जताई। वहीं, कुछ लोगों ने अपने पुराने अनुभव भी शेयर किए, जिनमें खाने को लेकर शिकायतें सामने आई थीं।

IRCTC ने दी सफाई


मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए IRCTC ने सफाई दी है। उनका कहना है कि जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन परोसे गए खाने की जांच की गई थी और उसमें कोई कमी नहीं पाई गई। साथ ही यह भी कहा गया कि उसी ट्रेन में सफर कर रहे किसी अन्य यात्री ने खाने को लेकर शिकायत नहीं की थी। हालांकि, महिला इस जवाब से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि भले ही बाकी यात्रियों को कोई समस्या न हुई हो, लेकिन उन्हें और उनके बच्चे को परेशानी झेलनी पड़ी। बाद में IRCTC ने महिला से निजी तौर पर संपर्क कर पूरी जानकारी मांगी और जांच का भरोसा दिया है। लेकिन यह घटना एक बार फिर इस सवाल को सामने ले आई है कि क्या प्रीमियम ट्रेनों में परोसा जाने वाला खाना वास्तव में सुरक्षित और भरोसेमंद है।

Published on:
01 Apr 2026 12:45 am
Also Read
View All

अगली खबर