पप्पू यादव की गिरफ्तारी के अगले दिन राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने लोकसभा में नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने NEET छात्रा की संदिग्ध मौत में व्यवस्थागत सांठगांठ का गंभीर आरोप लगाया।
पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी के एक दिन बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को नीतीश कुमार की एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मृत्यु के मामले की जांच में व्यवस्थागत मिलीभगत का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर साथी सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। आज उनकी गिरफ्तारी स्पष्ट रूप से राजनीतिक प्रतिशोध है, जिसका उद्देश्य जवाबदेही की मांग करने वाली हर आवाज को डराना और चुप कराना है।
प्रियंका गांधी ने कहा- पटना हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के बलात्कार और हत्या का मामला बेहद चौंकाने वाला है। इस मामले के सामने आने के बाद सरकार का रवैया और भी भयावह है। एफआइआर दर्ज करने से लेकर जांच और कार्रवाई तक सब कुछ संदिग्ध बना दिया गया है। यह सब किसकी रक्षा के लिए किया जा रहा है।
गौरतलब है कि पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना के मंदिरी स्थित उनके आवास से 1995 के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला संपत्ति संबंधी धोखाधड़ी से जुड़ा है। सांसद पप्पू यादव पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मृत्यु के मामले में मुखर रहे हैं और जहानाबाद में पीड़ित परिवार से कई बार मिले हैं। बिहार सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है।
NEET की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा को 6 जनवरी को पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में अचेत अवस्था में पाया गया था।
5 दिन अस्पताल में रहने के बाद 11 जनवरी को उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा की संभावना को खारिज नहीं किया जा सका, जबकि पुलिस ने शुरुआत में आत्महत्या का दावा किया था।
पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया कि शव पर चोट के निशान थे। हॉस्टल मालिक को गिरफ्तार किया गया है और बिहार सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है।