कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) हरियाणा के सोनीपत जिले के मदिना गांव पहुंचे और किसान संजय कुमार की बेटी की शादी में शामिल हुए। यह वही किसान है जिनके खेत में 2023 में राहुल ने ट्रैक्टर चलाया था।
हरियाणा के सोनीपत जिले के मदिना गांव में मंगलवार को एक खास मेहमान ने सबका ध्यान खींचा। यह मेहमान थे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, जो एक किसान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे। गांव के किसान संजय कुमार ने अपनी बेटी के विवाह में राहुल गांधी को आमंत्रित किया था, जिसे स्वीकार करते हुए उन्होंने अपना पुराना वादा निभाया। इस दौरान कई कांग्रेस नेता और रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी राहुल के साथ मौजूद रहे।
बता दें कि संजय वहीं किसान है जिनके खेत में राहुल गांधी ने 2023 में ट्रैक्टर चलाया था। ऐसे में संजय की बेटी की शादी में शामिल होना इन पिछले तीन वर्षों में बने व्यक्तिगत रिश्ते का प्रतीक भी माना जा रहा है। गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। किसान संजय कुमार और ग्रामीणों ने राहुल गांधी के सिर पर सफेद पगड़ी बांधकर उनका सम्मान किया, जिसके बाद उन्होंने परिवार और गांव के लोगों से मुलाकात की और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। शादी कार्यक्रम के दौरान राहुल ने दूध के साथ चूरमा खाया और गांव वालों के साथ शादी कार्यक्रम का आनंद लिया। राहुल के शादी में आने से पहले ही उनकी तरफ से एक 55 इंच की एलईडी टीवी दुल्हन के लिए गिफ्ट के तौर पर गांव भेज दी गई थी।
राहुल गांधी और मदिना गांव के किसानों का रिश्ता जुलाई 2023 से शुरू हुआ था। उस समय वह दिल्ली से शिमला जा रहे थे और अचानक रास्ते में रुककर गांव के खेतों में पहुंच गए थे। बारिश के बीच उन्होंने किसानों के साथ धान की रोपाई में हाथ बंटाया और ट्रैक्टर भी चलाया था। खेत में काम करते हुए राहुल गांधी ने किसान संजय कुमार और अन्य मजदूरों से खेती से जुड़ी परेशानियों और ग्रामीण जीवन की चुनौतियों पर बातचीत की थी। उस दिन उनके साथ खेत में काम कर रहीं महिला मजदूरों से भी उन्होंने विस्तार से चर्चा की थी। इसी मुलाकात के बाद गांव के किसानों और राहुल गांधी के बीच एक अलग तरह का संवाद और भरोसा बना।
खेतों में हुई उस मुलाकात के बाद यह रिश्ता और मजबूत हुआ। कुछ समय बाद राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने मदिना गांव के किसान संजय कुमार और अन्य किसानों को दिल्ली स्थित अपने आवास पर भी आमंत्रित किया था। उस मुलाकात में किसानों और उनके परिवारों ने गांधी परिवार के साथ भोजन किया और ग्रामीण मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। इस दौरान किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और राहुल गांधी ने भी खेती, लागत और बाजार से जुड़ी समस्याओं पर उनके विचार सुने। बताया जाता है कि इसी मुलाकात के दौरान संजय कुमार ने अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण राहुल गांधी को दिया था।
मंगलवार को जब राहुल गांधी मदिना गांव पहुंचे तो वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भारी सुरक्षा के बीच गांव के लोगों ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया। पगड़ी पहनाकर सम्मान देने के बाद ग्रामीणों ने उनके साथ बातचीत की और पुराने अनुभवों को याद किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बड़े राष्ट्रीय नेता का इस तरह व्यक्तिगत कार्यक्रम में शामिल होना गांव के लिए सम्मान की बात है। राहुल गांधी ने भी परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसानों से जुड़े रिश्ते केवल राजनीति तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि सामाजिक और मानवीय स्तर पर भी मजबूत होने चाहिए।