राष्ट्रीय

‘सवाल पूछने पर प्रताड़ित कर रहें’, पंजाब में नशाखोरी पर पूछा सवाल तो गंवानी पड़ी जान, राहुल गांधी का आप सरकार पर हमला

Rahul Gandhi: पंजाब में नशाखोरी पर सवाल उठाने वाले दलित व्यक्ति की संदिग्ध मौत के बाद सियासत गरमा गई है। राहुल गांधी ने मान सरकार और वित्त मंत्री हरपाल चीमा पर हमला बोलते हुए इस्तीफे की मांग की है। जानें क्या है पूरा मामला...
2 min read
Sep 09, 2026
Rahul Gandhi, Harpal Singh Cheema
गुलजार सिंह केस में राहुल गांधी ने मांगा पंजाब के वित्त मंत्री का इस्तीफा (फोटो सोर्स-IANS)

Bhagwant Mann: पंजाब में एक 47 वर्षीय दलित व्यक्ति गुलजार सिंह की जहर खाने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि गुलजार सिंह ने इलाके में खुलेआम बिक रहे नशे (चिट्टा) को लेकर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से सवाल पूछा था, जिसके बाद उन्हें प्रताड़ित और अपमानित किया गया। अब इस पूरे मामले पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को आड़े हाथों लिया है। राहुल गांधी ने भगवंत मान सरकार पर ‘सवाल पूछने वालों को कुचलने’ का गंभीर आरोप लगाते हुए वित्त मंत्री के इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बेटे को खोने का दर्द और नशाखोरी पर उठे सवाल

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए कहा कि पीड़ित गुलजार सिंह दलित समाज से आते थे और उन्होंने अपने खुद के बेटे को नशे की दलदल में फंसते देखा था। जब उन्होंने एक कार्यक्रम में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से यह पूछा कि आखिर सरकार नशा रोकने में विफल क्यों हो रही है, तो जवाब देने के बजाय उन पर माफी मांगने का दबाव बनाया गया। राहुल का आरोप है कि उन्हें इतना ज्यादा मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया गया कि मजबूरन उन्हें आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।

'अस्पताल-दर-अस्पताल भटके, पर नहीं मिला इलाज'

कांग्रेस नेता ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जहर खाने के बाद गुलजार सिंह सही इलाज के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकते रहे, लेकिन उन्हें समय पर डॉक्टरी सहायता नहीं मिल सकी और आखिरकार सोमवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में एक खतरनाक ट्रेंड शुरू हो गया है, जहां सरकार अपनी असफलताओं पर उठने वाले हर सवाल का जवाब धमकियों और उत्पीड़न से दे रही है।

'FIR में नाम दर्ज हो और तुरंत लिया जाए इस्तीफा'

राहुल गांधी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से सीधे तौर पर मांग की है कि वह अपने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से तुरंत इस्तीफा लें। इसके साथ ही उन्होंने मामले में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने और FIR में जिम्मेदार लोगों का नाम शामिल करने की बात कही। राहुल ने याद दिलाया कि जनता का काम सवाल पूछना है और लोकतांत्रिक सरकार की जिम्मेदारी जवाब देना है, न कि जनता की आवाज को दबाना।

वीडियो वायरल होने के बाद गरमाई पंजाब की सियासत

यह पूरा विवाद तब सामने आया जब गुलजार सिंह की मौत से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में उन्होंने वित्त मंत्री से सवाल पूछने और उसके बाद खुद पर बने दबाव की आपबीती बताई थी। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि 6 सितंबर को हुए कार्यक्रम के दौरान उन्हें जातिसूचक शब्द भी कहे गए थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद से पूरे पंजाब में विपक्षी दल मान सरकार पर हमलावर हैं।

Updated on:
09 Sept 2026 11:17 am
Published on:
09 Sept 2026 10:46 am
Also Read
View All