
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस के लिए चुनौती दी है। इस पर बीजेपी नेता और बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने निशाना साधा है।
उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को मीडिया में बने रहने की कोशिश बताया। दिलीप घोष ने कहा कि राहुल गांधी दो से चार महीने तक गायब रहते हैं और फिर अचानक कोई बयान देकर सुर्खियों में आने की कोशिश करते हैं।
दिलीप घोष ने कहा कि राहुल गांधी के ऐसे बयानों का आम जनता पर कोई असर नहीं पड़ता। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की बातें बेवजह की हैं और इनका कोई खास मतलब नहीं है।
दूसरी ओर, दिलीप घोष ने पिछली राज्य सरकार में लोगों के साथ हुई कथित ज्यादतियों और गलत कामों की जांच को लेकर भी बड़ा बयान दिया।
उन्होंने कहा कि अब तक कई लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा था। पुलिस उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं कर रही थी और आम लोगों की बात भी नहीं सुनी जा रही थी।
उन्होंने कहा कि लोगों के साथ हुई ज्यादतियों की जांच होनी चाहिए। अगर किसी ने गलत काम किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। मामले में पहले एफआईआर दर्ज हुई थी या अब दर्ज की जा रही है, इससे जांच पर कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए।
दिलीप घोष ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आरोप सामने आते हैं तो सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है कि मामले की जांच करें। इसमें यह नहीं देखा जाना चाहिए कि आरोप किस व्यक्ति पर लगे हैं या उसका राजनीतिक और सामाजिक रसूख कितना है।
उनका कहना है कि जिन लोगों को पहले न्याय नहीं मिला, उनकी शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पुलिस को हर मामले में निष्पक्ष तरीके से जांच करनी चाहिए और अगर किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर को छत्तीसगढ़ के बस्तर में सीएआरपीएफ जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि हथियारबंद नक्सलियों का जंगलों से सफाया हो चुका है, लेकिन 'दिमागी नक्सलियों' ने कई संस्थानों और राजनीतिक दलों में अपनी जगह बना ली है। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें हराना जरूरी है।
पीएम मोदी के इस बयान पर राहुल गांधी ने 9 नवंबर को सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए लिखा कि उनके चेहरों से साफ पता चल रहा था कि उन्हें प्रधानमंत्री की बातों पर भरोसा नहीं हुआ।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विपक्ष के नेताओं को नक्सली बताया है। उनकी चुनौती अब भी कायम है। उन्होंने पीएम मोदी से खुली बहस करने को कहा और सवाल उठाया कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है।
राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी भी समय और किसी भी जगह बहस के लिए आ सकते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बहस के बाद प्रधानमंत्री किसी एक जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं कर पाएंगे।