राष्ट्रीय

‘राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए’, पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष का लोकसभा नेता प्रतिपक्ष पर हमला

Dilip Ghosh Attack Rahul Gandhi: पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्हें गंभीरता से नहीं लिया जा सकता। साथ ही पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ की और कूचबिहार-अलीपुरद्वार में समीक्षा बैठक कर भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की बात कही।
2 min read
Sep 21, 2026
Dilip Ghosh
मंत्री दिलीप घोष। फाइल फोटो- आईएएनएस

Dilip Ghosh: पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने आज सुबह लोकसभा नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। दिलीप घोष ने कहा कि राहुल गांधी कभी गंभीर नहीं हुए हैं इसलिए जनता भी उन्हें कभी गंभीरता से नहीं लेती है। उन्होंने राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर तंज कसते हुए कहा कि वे कहीं पहुंचने के लिए लड़ाई नहीं लड़ रहे हैं, वे मजाक कर रहे हैं और लोग उन्हें लेकर भी मजाक कर रहे हैं। इसी प्रकार कांग्रेस नेता का बाकी जीवन बीतेगा।

पीएम मोदी के नेतृत्व पर कोई प्रश्नचिन्ह नहीं

शुभेन्दु सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर कोई प्रश्न नहीं है। देश ने उनके नेतृत्व को बार-बार स्वीकृति दी है। आज दुनिया के बड़े-बड़े देश उन्हें बुलाकर सम्मानित कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में दुनिया की अर्थव्यवस्था बहुत अस्थिर है, लेकिन पीएम मोदी ने भारत की अर्थव्यवस्था पर इसका कोई असर नहीं पड़ने दिया। पेट्रोल-डीजल के दाम भी अस्थिर हैं लेकिन यहां दाम उतने ही हैं।

कूचबिहार और अलीपुरद्वार में की समीक्षा बैठक

वहीं, बीते रविवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इनमें शौचालय, स्वच्छ भारत अभियान, स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण विकास से जुड़े अन्य कार्य शामिल हैं।

आम लोग योजनाओं के लाभ से वंचित: मंत्री दिलीप घोष

मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि राज्य में आवास योजना और विभिन्न परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के कारण आम लोग लाभ से वंचित हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इन मामलों की जांच करेगी। भ्रष्टाचार साबित होने पर दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न कार्यों की गति और प्रगति को लेकर विशेष समीक्षा बैठक की गई है।

Updated on:
21 Sept 2026 10:04 am
Published on:
21 Sept 2026 10:04 am