पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 जून को बाइनेंस P2P के ज़रिए USDT बेचने की कोशिश करते समय उसके साथ धोखाधड़ी हुई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति ने खरीदार बनकर उससे संपर्क किया और बाद में बातचीत को वॉट्सऐप पर ले गया। क्रिप्टोकरेंसी खरीदने के बहाने आरोपी ने उसे एक फिशिंग लिंक भेजा और जैसे ही शिकायतकर्ता ने उस पर क्लिक किया, उसके वॉलेट से 4,985 USDT की पूरी रकम निकाल ली गई। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड और वॉट्सऐप नंबरों का विश्लेषण किया। इससे राजस्थान के अलवर से चल रहे एक क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी गैंग का पता चला, जिसे अतुल मीणा नाम का शख्स चला रहा था। अतुल को दिल्ली के धौला कुआं से गिरफ्तार किया गया। आगे की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस जयपुर पहुंची, जहाँ गैंग के तीन सदस्यों जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा को गिरफ्तार किया गया।