
नई दिल्ली। रांची में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। राहुल गांधी ने पत्र के जरिए सीएम सोरेन को सलाह दी है कि वे आंदोलनकारी छात्रों और उनके प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करें, ताकि सरकार की ओर से उनकी समस्याओं को हल करने की प्रतिबद्धता और मजबूत हो सके। राहुल गांधी ने पत्र में देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि भारतीय शिक्षा तंत्र पर आरएसएस और भाजपा ने कब्जा कर लिया है और इसे छात्रों के शोषण व उत्पीड़न का माध्यम बना दिया है।
झारखंड के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए राहुल ने लिखा कि राज्य की भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं और उनकी मांगें पूरी तरह तर्कसंगत हैं। हालांकि राज्य सरकार द्वारा गठित समिति के जरिए छात्रों से वार्ता शुरू होना और कई मांगों पर सहमति बनना एक सराहनीय कदम है, लेकिन इसके बावजूद कई अभ्यर्थी अभी भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं।
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से व्यक्तिगत हस्तक्षेप का आग्रह करते हुए कहा कि मेरा सुझाव है कि आप स्वयं आंदोलनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करें। इससे उनकी बची हुई चिंताओं और मांगों को हल करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। भारत का युवा ही देश का भविष्य है, और इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़े होना हमारा दायित्व है। कृपया उनकी बात सुनकर त्वरित व उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अनशन कर रहे देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को पूरे झारखंड का समर्थन मिला है। 15 दिनों तक हमने भूख हड़ताल रखकर दर्द को झेला है। आज की वार्ता से उम्मीद करता हूं कि पीढ़ी दर पीढ़ी तक आने वाले छात्रों को पेपर लीक और धांधली का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि ऐसा सिस्टम बनाया जाए, रिफॉर्म किया जाए और सरकार इसकी गारंटी दे। पेपर लीक के खिलाफ सरकार कड़े कानून लेकर आए।
बता दें कि वार्ता से एक दिन पहले रविवार शाम आंदोलनकारी छात्रों ने रांची में विरोध मार्च निकाला। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकला मार्च अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। यहां छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार के राजद नेता तेजस्वी यादव के पुतले फूंके। छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को दोहराया। छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है।