
Rahul Gandhi on PM Modi: नीट पेपर लीक मामले को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को चेन्नई में उन परिवारों से मुलाकात करने के बाद, जिनके बच्चों ने पेपर लीक मामले के बाद आत्महत्या कर ली थी राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि छात्रों को प्रधानमंत्री की माफी की नहीं बल्कि प्रधानमंत्री को उनसे माफी मांगनी चाहिए।
राहुल गांधी शनिवार को चेन्नई में नीट पेपर लीक मामले से जुड़े उन परिवारों से मुलाकात की जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया। मुलाकात के बाद उन्होंने X पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए शिक्षा व्यवस्था और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने लिखा कि अपने बच्चे को खोने का दुख किसी भी माता-पिता के लिए सबसे बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों की जान गई उनके परिवार यह दर्द पूरी जिंदगी नहीं भूल पाएंगे। राहुल गांधी के मुताबिक, यह सिर्फ उन परिवारों की त्रासदी नहीं है बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक और रद्द हुई परीक्षाओं ने लाखों छात्रों की सालों की मेहनत बर्बाद कर दी। उनका आरोप है कि छात्र पूरी ईमानदारी से पढ़ाई करते हैं लेकिन जिस शिक्षा व्यवस्था पर उन्हें भरोसा करना पड़ता है वही व्यवस्था ईमानदारी से काम नहीं कर रही है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री छात्रों को माफ करने की बात कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री कभी उन माता-पिता से मिले हैं जिन्होंने अपने बच्चों को खोया, या उन छात्रों से जिनका भविष्य पेपर लीक की वजह से प्रभावित हुआ। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा भारत के छात्रों को प्रधानमंत्री की माफी की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।
कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए CJP के विरोध प्रदर्शन का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उनके और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि गाली-गलौज से किसी समस्या का समाधान नहीं होता। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, "आइए, भटके हुए लोगों को सही रास्ता दिखाएं। मिलकर काम करें और भारत के लिए काम करें।"