राष्ट्रीय

राहुल गांधी की PM मोदी को खुली चुनौती, कहा- दम है तो भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करके दिखाए

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि अगर सरकार में वास्तव में दम है, तो वह भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को रद्द करके दिखाए।

2 min read
Feb 24, 2026
राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली चुनौती दी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर सरकार में वास्तव में दम है, तो वह भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को रद्द करके दिखाए। इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज होने की संभावना बढ़ गई है। राहुल ने सरकार की व्यापार नीतियों को कटघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि ये नीतियां देश के छोटे व्यापारियों और किसानों के हितों के खिलाफ हैं। किसान महाचौपाल में भी उन्होंने कंप्रोमाइज्ड पीएम कहकर हमला किया और इसे देश के लिए घातक बताया।

विदेशी दबाव में झुक जाती है मोदी सरकार : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की 'मजबूत' छवि पर तंज कसते हुए कहा, 'सरकार हमेशा अपनी संप्रभुता और देशहित की बड़ी-बड़ी बातें करती है। लेकिन असलियत यह है कि वह विदेशी दबाव में झुक जाती है। अगर वाकई दम है, तो भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करके दिखाएं।' उन्होंने आगे कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय समझौते अक्सर चंद बड़े औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंचाते हैं, जबकि आम आदमी और छोटे कारोबारियों पर इसका नकारात्मक असर पड़ता है। राहुल ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा उन समझौतों के खिलाफ खड़ी रही है जो भारत की आर्थिक स्वतंत्रता से समझौता करते हैं।

एपस्टीन फाइल्स को लेकर भी बोला हमला

राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइल्स को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने हरदीप पुरी और अमेरिका में अडानी पर चल रहे केस का जिक्र किया है। कांग्रेस नेता ने एक दिन पहले सोशल मीडिया पर लिखा था, 'मोदी जी, आप शर्म की बात करते हो? शर्म की बात मैं आपको बताता हूं। Epstein files में आपका, आपके मंत्री और आपके मित्र का साथ में नाम आना, ऐसे घिनौने अपराधी के साथ आपका नाम जुड़ा होना - ये शर्म की बात है। आपने अमेरिका के साथ जो Trade deal की है, जिसमें आपने देश को बेच दिया - ये शर्म की बात है। हमारे देश का डेटा दे दिया। किसानों को खत्म कर दिया। टेक्सटाइल इंडस्ट्री बर्बाद कर दिया - ये शर्म की बात है। पूरा देश जानता है, अडानी पर अमेरिका में चल रहे केस ने आपकी रातों की नींद उड़ा रखी है - क्योंकि वो BJP और आपके फाइनेंशियल आर्किटेक्चर पर केस है। 14 महीनों से उसपर कोई कार्रवाई नहीं हुई - ये शर्म की बात है। मोदी जी, आप अपने मित्रों अनिल अंबानी, अडानी और अपने लिए जो उचित समझें, वो कीजिए। मैं और कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर देश की रक्षा करते रहेंगे - एक इंच पीछे नहीं हटेंगे।'

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर चर्चाएं तेज

यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर चर्चाएं तेज हो रही हैं। राहुल ने सरकार पर आरोप लगाया कि ये डील देश की अर्थव्यवस्था को विदेशी कंपनियों के हवाले कर देगी, जिससे स्थानीय उद्योग प्रभावित होंगे। उन्होंने किसानों और छोटे व्यापारियों के उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे समझौते आयात को बढ़ावा देंगे, जिससे घरेलू उत्पादकों को नुकसान होगा।

ये भी पढ़ें

‘गाय, टोपी, टीका, पाकिस्तान…’: ओवैसी के विधायक ने बीजेपी के खिलाफ दिया विवादित बयान

Updated on:
24 Feb 2026 09:39 pm
Published on:
24 Feb 2026 09:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर