
असदुद्दीन ओवैसी (Photo-IANS)
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने बीजेपी के खिलाफ विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी की डिक्शनरी से चंद शब्दों को हटा दिया जाए तो यह पार्टी मर जाएगी। उन्होंने मीडिया पर भी भेदभाव करने का आरोप लगाया। ईमान ने गृहमंत्री अमित शाह के बिहार दौरा और राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान देकर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। ईमान ने कहा कि हमारी पार्टी कमजोर है, राज्यसभा में कभी प्रतिनिधित्व नहीं किया। इस बार के राज्यसभा चुनाव में हमारी पार्टी का समर्थन करें और अगली बार हम भी उनका समर्थन करेंगे।
अख्तरुल ईमान ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान बीजेपी पर सांप्रदायिकता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की पूरी राजनीति गाय, टीका, टोपी, हिन्दुस्तान, पाकिस्तान, कब्रिस्तान जैसे शब्दों में ही उलझी हुई है। यदि इन चंद शब्दों को बीजेपी की डिक्शनरी से मिटा दिए जाए तो यह पार्टी मर जाएगी जैसे पानी के बिना मछली मर जाती है।
अमित शाह के बिहार दौर पर एआईएमआईएम नेता ने कहा कि उनका स्वागत, लेकिन कोई राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की बात करें और दौरे को सरकारी रखने की सलाह दी है। हमलोग बांग्लादेश और नेपाल की सीमा पर रहते हैं, इसलिए आतंरिक सुरक्षा की समीक्षा की जानी चाहिए।
घुसपैठियों पर बात करते हुए ओवैसी के विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि 2014 से ये लोग सरकार में हैं और सभी पैरामिलिट्री फोर्स उनके नियंत्रण में हैं। इसके बावजूद अगर कोई घुसपैठ हो रहा है तो यह उन लोगों की नाकामी है। केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या इन लोगों ने चूड़ियां पहन रखी है। इन लोगों ने एसआईआर कराया लेकिन कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री को सीमांचल की गरीबी, बेकारी और अन्य समस्याओं पर गहन चिंतन करना चाहिए।
Updated on:
24 Feb 2026 08:02 pm
Published on:
24 Feb 2026 08:01 pm
