
Rahul Gandhi Patliputra Station Student Death Claim: पाटलिपुत्र स्टेशन पर ट्रेन में एक छात्र की मौत होने के दावे को रेल मंत्रालय ने खारिज कर दिया है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा किया गया दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है। रेलवे के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच में संबंधित व्यक्ति किसी चिकित्सकीय समस्या या अत्यधिक थकान से जूझता हुआ दिखाई देता है। मंत्रालय ने कहा कि सभी रिकॉर्ड की जांच कर ली गई है और पाटलिपुत्र स्टेशन पर दावे के अनुसार किसी छात्र की मौत की घटना सामने नहीं आई है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें ट्रेन के जनरल कोच के भीतर एक युवक की तबीयत बिगड़ती दिखाई दे रही है। इसी वीडियो को एक्स के साथ-साथ अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी तेजी से शेयर किया जा रहा है। कई यूजर्स ने दावा करना शुरू कर दिया कि यह वीडियो पाटलिपुत्र स्टेशन का है। भीषण भीड़, गर्मी और अव्यवस्था के कारण एक छात्र की मौत हो गई।
इस मामले ने तूल तब पकड़ लिया जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल से री-शेयर करते हुए दुःख जताया था।
मामले को तूल पकड़ता देख रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आया और एक्स हैंडल पर रिप्लाई करते हुए लिखा, उक्त घटना पाटलिपुत्र स्टेशन की नहीं है। यह भी स्पष्टतया बताना है कि किसी भी व्यक्ति की मृत्यु से संबंधित कोई भी सूचना किसी भी स्रोत से नहीं है। कृपया ऐसे किसी भी अफवाह/भ्रम को न फैलाएं।
वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की शारीरिक गतिविधियों एवं स्थिति के आधार पर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त व्यक्ति संभवतः किसी चिकित्सकीय समस्या अथवा थकानजनित अस्वस्थता से प्रभावित हुआ हो।
इस मामले पर रेल मंत्रालय ने भी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय के अनुसार, सोशल मीडिया पर किए जा रहे कुछ दावे और राहुल गांधी द्वारा साझा की गई जानकारी उपलब्ध तथ्यों से मेल नहीं खाती। मंत्रालय ने कहा कि संबंधित मामले की जांच की गई है और पाटलिपुत्र स्टेशन पर ऐसी किसी घटना का रिकॉर्ड नहीं मिला है।