राष्ट्रीय

मणिपुर में मिलावटी शराब से हुई मौतों को राहुल गांधी ने बताया बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा

Rahul Gandhi Slams BJP Government: मणिपुर में मिलावटी शराब की वजह से हुई मौतों के लिए राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया है।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 5:36 PM IST
Rahul Gandhi
राहुल गांधी (Photo - ANI)

मणिपुर (Manipur) में मिलावटी शराब की वजह से हाहाकार मच गया है। चंदेल जिले के चकपिकारोंग और आसपास के क्षेत्रों में मिलावटी शराब पीने की वजह से अब तक करीब 15 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीँ 150-250 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं, जहाँ उनका इलाह चल रहा है। इस मामले में कांग्रेस (Congress) सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बीजेपी सरकार (BJP Government) पर निशाना साधा है।

"बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा"

राहुल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "मणिपुर में जहरीली शराब से कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुःखद है। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और मरीज़ों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह हादसा नहीं, बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा है। पहले हिंसा ने सैकड़ों घर उजाड़े, अब जहरीली शराब उजाड़ रहीं है, सरकार अब भी सो रही है। दोषियों पर तुरंत सख़्त कार्रवाई हो और बिना देरी पीड़ित परिवारों को पूरी सहायता और उचित मुआवज़ा मिले।"

सीएम ने किया अस्पतालों का दौरा, दिए जांच के निर्देश

मणिपुर के चंदेल में मिलावटी शराब पीने से अस्पतालों में भर्ती हुए कई मरीजों में मेथनॉल विषाक्तता के लक्षण जैसे चक्कर आना, पेट दर्द, उल्टी और सांस की तकलीफ दिखें। कुछ को हीमोडायलिसिस की भी ज़रूरत पड़ी। पुलिस के अनुसार यह शराब काकचिंग जिले के सुग्नू से खरीदी गई थी और चंदेल में इसका स्थानीय उत्पादन नहीं था। सीएम युमनाम खेमचंद सिंह (Yumnam Khemchand Singh) ने उन अस्पतालों का दौरा किया जहाँ वो लोग भर्ती हैं जिनकी तबीयत इस शराब को पीने के बाद बिगड़ी। उन्होंने इस मामले में जांच के आदेश दिए और दोषियों को सज़ा देने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने पीड़ितों को आर्थिक सहायता और पूरी चिकित्सा सहायता मुहैया कराने का भी आश्वासन दिया। प्रशासन ने लोगों को इस घटना को गंभीरता से लेते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही लोगों को मिलावटी शराब से दूर रहने और संदिग्ध स्त्रोतों से शराब न खरीदने की भी सलाह दी है।

मृतकों और मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका

मणिपुर के चंदेल में मिलावटी शराब की वजह से मृतकों और मरीजों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।