21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / NEET पेपर लीक केस में 14 आरोपियों पर आरोप तय, 25 नवंबर से होगी सुनवाई शुरू

NEET पेपर लीक केस में 14 आरोपियों पर आरोप तय, 25 नवंबर से होगी सुनवाई शुरू

NEET-UG 2026 paper leak case: दिल्ली की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। इनमें NTA से जुड़े तीन विषय विशेषज्ञ भी शामिल हैं। CBI ने मामले में 360 गवाहों, 422 दस्तावेजों और 43 अहम सबूतों के आधार पर अपना पक्ष रखा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Gajanand Prajapat

•

Updated: 21 Nov 2026, 4:56 PM IST

NEET-UG 2026 paper leak case

कोर्ट ने NEET-UG पेपर लीक मामले के 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। (फाइल फोटो: IANS)

NEET Paper Leak Case: दिल्ली की फास्ट ट्रैक अदालत ने शनिवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए। राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने पेश हुए सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया। अब इस मामले में उनके खिलाफ मुकदमा चलेगा। मामले की सुनवाई 25 नवंबर से शुरू होगी। यह वही मामला है, जिसके सामने आने के बाद मई में मेडिकल प्रवेश परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी।

NEET-UG की परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी। इसमें करीब 22 लाख छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप लगे। इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी। इसके बाद एजेंसी ने दोबारा 21 जून को परीक्षा कराई थी।

धोखाधड़ी से लेकर सबूत मिटाने तक के आरोप

इस मामले में 18 नवंबर को विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में आरोप तय करने का आदेश दिया था। इनमें आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, भरोसा तोड़ने और सबूत मिटाने जैसे आरोप शामिल हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत भी आरोप लगाए गए हैं। अदालत ने सभी आरोपियों को 21 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था।

तीन विषय विशेषज्ञ भी आरोपियों में शामिल

सीबीआई ने इस मामले में दो चार्जशीट दाखिल की हैं। पहली चार्जशीट 28 जुलाई को दाखिल की गई थी, जिसमें 13 लोगों को आरोपी बनाया गया। इनमें NTA से जुड़े तीन विषय विशेषज्ञ, कोचिंग संस्थानों से जुड़े दो लोग और कई कथित बिचौलिए शामिल हैं।

तीन विषय विशेषज्ञों में मनीषा गुरुनाथ मंधारे (बायोलॉजी), प्रहलाद विट्ठलराव कुलकर्णी (केमिस्ट्री) और मनीषा संजय हवलदार (फिजिक्स) के नाम हैं। इसके बाद CBI ने 14 अक्टूबर को महाराष्ट्र के चाय विक्रेता शेषराव बजरंग सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ दूसरी चार्जशीट दाखिल की। इस तरह मामले में कुल 14 लोग आरोपी बनाए गए हैं।

360 गवाहों के बयान और 422 दस्तावेजों के आधार पर जांच

CBI ने अपनी जांच में 360 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। इसके अलावा 422 दस्तावेज और 43 अन्य सबूत भी जुटाए हैं। एजेंसी का आरोप है कि पेपर लीक की साजिश में विषय विशेषज्ञों और निजी लोगों का एक नेटवर्क शामिल था।

इस मामले में अब तक CBI ने किसी सरकारी अधिकारी या NTA के किसी पदाधिकारी को आरोपी नहीं बनाया है। एजेंसी के मुताबिक, पेपर लीक की साजिश को निजी लोगों के नेटवर्क ने अंजाम दिया था।