
Rahul Gandhi In Lok Sabha: लोकसभा में एंटी पेपर लीक पर चर्चा के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कब्जा कर लिया है और छात्रों का असली दुश्मन RSS है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को महज केवल औपचारिकता बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय उनके द्वारा नहीं चलाया जा रहा था।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि राजनाथ सिंह ने कहा कि हम यूपीए नहीं हैं, हमारे मंत्री इस्तीफा नहीं देते। वह सही कह रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा महज दिखावा है, क्योंकि उन्होंने कभी शिक्षा मंत्रालय नहीं चलाया। शिक्षा मंत्रालय को RSS चलाता है। मंत्री के कार्यालय में बैठा एक OSD इसे संचालित करता है।
इस दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था छात्रों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी शिक्षा व्यवस्था बेहद खराब और क्रूर है। हर चीज का निजीकरण किया जा रहा है। यह वसूली की व्यवस्था बन गई है। इस व्यवस्था की आत्मा पर RSS का कब्जा हो चुका है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों को अपनी रुचि के अनुसार पढ़ने, सवाल पूछने और स्वतंत्र रूप से सोचने की आजादी नहीं दी जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र अपनी पसंद का विषय नहीं चुन सकते, अपनी बात नहीं कह सकते और न ही मनचाहे सवाल पूछ सकते हैं। उन्हें RSS की कल्पनाओं पर आधारित इतिहास पढ़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है। धर्मेंद्र प्रधान सिर्फ एक प्रतीक हैं, असली दुश्मन RSS है। वे चाहते हैं कि युवा 'अंधभक्त' बनें।
राहुल गांधी ने NEET-UG 2026 पेपर लीक को लेकर देशभर में हुए छात्र आंदोलनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन गुस्से या हिंसा का नहीं, बल्कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं की शांतिपूर्ण अभिव्यक्ति है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, खासकर बीजेपी से छात्रों की आवाज का सम्मान करने की अपील की।
बहस के दौरान राहुल गांधी और सत्ता पक्ष के सदस्यों के बीच कुछ देर के लिए तीखी नोकझोंक भी हुई। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के भाषण में इस्तेमाल किए गए एक शब्द पर आपत्ति जताई, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उस शब्द को सदन की कार्यवाही से हटाने का निर्देश दिया।