
Southern Railway Recruitment 2026: रेलवे में नौकरी कर अपने करियर की शानदार शुरुआत करने की चाहत रखने वाले युवाओं के लिए एक बड़ा मौका आया है। दक्षिण रेलवे ने विभिन्न ट्रेड और यूनिट्स में अप्रेंटिस के कुल 4,471 पदों के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन 4,471 रिक्तियों में फ्रेशर श्रेणी के लिए 163 पद और पूर्व-आईटीआई श्रेणी के लिए 4,308 पद तय किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 28 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 27 सितंबर रखी गई है। उम्मीदवार दक्षिण रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या इससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड, संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित ट्रेड में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं, 12वीं या आईटीआई सर्टिफिकेट जैसी योग्यता होनी जरूरी है। उम्र सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 15 वर्ष रखी गई है, जबकि अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 22 से 24 वर्ष के बीच तय है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया आवेदनों की जांच, शॉर्टलिस्टिंग, मेरिट सूची और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर पूरी की जाएगी। चयनित होने वाले उम्मीदवारों को स्टाइपेंड के तौर पर - 10वीं पास फ्रेशर्स को प्रथम वर्ष में 8,200 रुपए प्रति माह, 12वीं पास फ्रेशर्स को 9,600 रुपए प्रति माह और पूर्व-आईटीआई उम्मीदवारों को भी 9,600 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। दस्तावेज सत्यापन के लिए अस्थायी चयन सूची 15 अक्टूबर तक प्रकाशित होने की उम्मीद है।
आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार तय शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए यह शुल्क 100 रुपए रखा गया है, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग (PwBD) और महिला उम्मीदवारों को शुल्क में पूरी छूट दी गई है।
कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, पद, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को दक्षिण रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित रिक्तियों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।