राष्ट्रीय

IMD Weather Alert: 24, 25, 26 को कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण भारत में तेज बारिश और तूफान की संभावना है, वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में बढ़ोतरी होगी। जानिए दिल्ली, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गुजरात और अन्य राज्यों का आज का मौसम।
2 min read
Feb 24, 2026
IMD issues a heavy rain and hailstorm alert
IMD ने जारी किया अलर्ट (File Photo)

Rain Alert in 12 States: देश के कई राज्यों में सर्दी की विदाई शुरू हो गई है। वहीं, गर्मी की दस्तक से पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने देश के 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ राज्यों में कोहरे के साथ आंधी-बारिश की भी चेतावनी दी गई है। ऐसे में आइए जानते हैं देशभर के मौसम का हाल।

IMD के मुताबिक, आज (24 फरवरी) से अगले तीन दिनों तक दक्षिण भारत में आंधी-तूफान और तेज बारिश संभव है। इतना ही नहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

इन राज्यों में बारिश संभव

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में बारिश हो सकती है। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी 26 फरवरी तक बरसात के आसार हैं। हिमालयी राज्यों को छोड़ दें तो फिलहाल पूरे देश में गर्मी की आहट तेज हो गई है।

आज 24 फरवरी 2026 को पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम, असम, मेघालय और तेलंगाना में गरज और बिजली गिरने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 से 28 फरवरी के बीच बूंदाबांदी हो सकती है। 26 फरवरी को जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है।

महाराष्ट्र-गुजरात: तापमान में बढ़ोतरी

अगले 24 घंटों में महाराष्ट्र और गुजरात के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले छह दिनों के दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है। हालांकि, गुजरात के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश संभव

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए मौसम विभाग ने 24 और 25 फरवरी को हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में गिरेंगे ओले

IMD के अनुसार, मध्य प्रदेश के शिवपुरी, रीवा, सीधी और सिंगरौली जिलों में तथा छत्तीसगढ़ के कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में हल्की आंधी के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में दिन में खिलेगी धूप

दिल्ली-एनसीआर में सुबह हल्की धुंध रहेगी, जबकि दिन में धूप खिलेगी। राजधानी दिल्ली में आज (24 फरवरी) अधिकतम तापमान 29°C से 31°C के बीच और न्यूनतम तापमान 12°C से 14°C के बीच रहने का अनुमान है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों—बागपत, अमरोहा और मुरादाबाद—में हल्की छिटपुट बारिश संभव है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर बढ़ेगा।

उत्तराखंड में 26-28 फरवरी तक बारिश

उत्तराखंड में दो दिन बाद बारिश के आसार हैं। 26 से 28 फरवरी के दौरान नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, टिहरी और अल्मोड़ा जिलों में बारिश हो सकती है।

बिहार का मौसम: तापमान में बदलाव

आज (24 फरवरी) बिहार में मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। कहीं भी आंधी-बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि, इस दौरान अधिकांश जिलों के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक परिवर्तन संभव है।

राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं

राजस्थान के किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। जयपुर, अजमेर, अलवर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, गंगापुर सिटी, जैसलमेर और अनूपगढ़ में तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास होगा।

Updated on:
24 Feb 2026 07:51 am
Published on:
24 Feb 2026 07:51 am