Rain Alert: गुरुवार को बिहार, यूपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अचानक दोपहर बाद मौसम में बदलाव हो गया। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
Waether Update: भारत के ज्यादातर हिस्सों में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। हालांकि गुरुवार को दोपहर बाद कई राज्यों में मौसम में अचानक बदलाव हुआ। राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
गुरुवार को राजस्थान के कई जिलों में दोपहर बाद मौसम बदल गया। प्रदेश के भीलवाड़ा, जैसलमेर और पाली में आंधी के साथ बारिश हुई। इसके अलावा जोधपुर और चित्तौड़गढ़ में भी बादल छाए रहे। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
बिहार के कई जिलों में गुरुवार को तेज बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। राजधानी पटना में करीब 30 मिनट तक ओले गिरे। इसके अलावा गया, भागलपुर, नालंदा और औरंगाबाद में भी ओले गिरे। मौसम विभाग ने राजधानी पटना समेत 16 जिलों में बारिश और बिजली को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में 3 मई तक तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है।
छत्तीसगढ़ में दोपहर बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। दरअसल, प्रदेश के कई जिलों में दोपहर बाद अचानक आंधी चलने से तापमान में गिरावट आई। रायपुर में शाम को करीब 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। इसके अलावा बेमेतरा जिले में तेज रफ्तार से हवा चली। तेज हवा चलने से कई पेड़ उखड़ गए।
यूपी में एक बार फिर अचानक मौसम बदल गया। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। वहीं गोरखपुर और बस्ती में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 4 मई तक मौसम में इसी तरह उलटफेर होता रहेगा। जिसके चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
अगले तीन दिनों में भारत के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग रहेगा। दरअसल, 2 मई को हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पंजाब में धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड में ओले गिर सकते है। 3 मई को केरल, तेलंगाना और मध्य महाराष्ट्र में बारिश हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश में ओले गिर सकते है। 4 मई को भी मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में ओले गिर सकते है। मौसम विभाग ने यूपी, दिल्ली, बिहार और गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया है।